Rajasthan

पाली के छोटे कस्बे से बॉलीवुड तक पहुंचे, अक्षय कुमार की मिमिक्री ने बदली किस्मत, जानें आर्टिस्ट विकल्प मेहता की Success Story

Last Updated:November 01, 2026, 14:13 IST

Vikalp Mehta Success Story: पाली के छोटे से कस्बे नाडोल के रहने वाले विकल्प मेहता ने अपनी मेहनत और कला के दम पर बॉलीवुड में अक्षय कुमार के हमशक्ल और मिमिक्री आर्टिस्ट के रूप में खास पहचान बनाई है. साल 2009 में टीवी शो से अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकल्प आज कई विज्ञापनों में अक्षय कुमार की डबिंग भी करते हैं. द कपिल शर्मा शो और कॉमेडी सर्कस जैसे बड़े मंचों पर अपनी कला का लोहा मनवाने वाले विकल्प आज युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं.

राजस्थान के पाली जिले के छोटे से कस्बे नाडोल में जन्मे विकल्प मेहता आज बॉलीवुड और कॉमेडी जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. अक्षय कुमार से मिलता-जुलता चेहरा, कड़क आवाज और उनके जैसा ही अंदाज उनकी सबसे बड़ी खासियत है. इसी हुनर के दम पर उन्होंने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है. पाली की गलियों से निकलकर मुंबई के बड़े-बड़े मंचों तक पहुंचने का उनका सफर कड़ी मेहनत, संघर्ष और अपनी कला के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है.

विकल्प मेहता की शुरुआती पढ़ाई राजस्थान में ही हुई. बचपन से ही उनमें दूसरों की नकल करने का खास हुनर था. स्कूल और कॉलेज के दिनों में वे अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों और शिक्षकों की मिमिक्री किया करते थे. उस समय उन्हें लगता था कि वे सिर्फ एक्टिंग कर रहे हैं और इस कला को ‘मिमिक्री’ कहा जाता है, इसकी भी उन्हें जानकारी नहीं थी. दोस्तों को उनका चेहरा और अंदाज अक्षय कुमार से मिलता-जुलता लगता था, इसलिए उन्होंने उन्हें ‘अक्षय’ कहकर बुलाना शुरू कर दिया.

12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद विकल्प मेहता के सामने करियर चुनने की चुनौती थी. उनके पास दो रास्ते थे, क्रिकेट या एक्टिंग. क्रिकेट में संसाधनों की कमी और मुश्किल चुनौतियों को देखते हुए उन्होंने एक्टिंग की राह चुनने का फैसला किया. एलआईसी (LIC) में कार्यरत उनके पिता ने भी शर्त रखी थी कि पहले अपनी पढ़ाई पूरी करो, उसके बाद मनपसंद क्षेत्र में करियर बना सकते हो. 17-18 साल की उम्र में जब दोस्तों और परिजनों ने उनकी प्रतिभा को करीब से देखा, तो उन्हें इस हुनर को पेशे के रूप में अपनाने की सलाह दी. इसके बाद विकल्प ने एक्टिंग की दुनिया में आगे बढ़ने की दिशा में कदम बढ़ाए.

Add as Preferred Source on Google

अपने हुनर को मंच पर दिखाने के लिए विकल्प मेहता ने साल 2009 में सोनी टीवी के चर्चित शो ‘एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा’ के लिए अहमदाबाद में पहला ऑडिशन दिया. खास बात यह रही कि पहले ही प्रयास में उनका चयन हो गया. इसके बाद मुंबई के यशराज स्टूडियो में उनके एपिसोड की रिकॉर्डिंग हुई, जहां उनके प्रदर्शन को खूब सराहना मिली. इस शो से विकल्प के प्रोफेशनल मिमिक्री करियर की मजबूत शुरुआत हुई.

साल 2010 में विकल्प मेहता पाली से ट्रेन के जरिए मुंबई पहुंचे. यहां ‘पटियाला हाउस’ की शूटिंग के दौरान वे महबूब स्टूडियो में दिनभर इंतजार करने के बाद पहली बार अक्षय कुमार से मिले. यह मुलाकात महज एक मिनट की थी, लेकिन अक्षय ने मुस्कुराते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाई. आगे चलकर विकल्प का सपना तब पूरा हुआ, जब उन्हें ‘कॉमेडी सर्कस’ में अक्षय कुमार के साथ परफॉर्म करने का मौका मिला. आज वे अक्षय कुमार के व्यस्त शेड्यूल के दौरान उनके कई विज्ञापन वीडियो और प्रोजेक्ट्स के लिए डबिंग भी करते हैं.

विकल्प मेहता पिछले 10 वर्षों से भी अधिक समय से अक्षय कुमार की मिमिक्री कर रहे हैं. उनके मुताबिक, कई सेलिब्रिटी अपनी नकल उतारे जाने पर आपत्ति जताते हैं, लेकिन अक्षय कुमार का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और दोस्ताना रहा है. विकल्प की अक्षय से 10-12 बार मुलाकात हो चुकी है. इन मुलाकातों के दौरान उन्होंने हमेशा विकल्प को सम्मान दिया, उनके काम की सराहना की और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.

विकल्प मेहता के करियर का एक यादगार पल तब आया, जब उन्होंने ‘द कपिल शर्मा शो’ में बतौर मेहमान पहुंचे सलमान खान के सामने परफॉर्म किया. उनके एक्ट की शुरुआत में ही सलमान ने सीटी बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया. परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद उन्होंने विकल्प को खुद स्टेज पर बुलाया और जमकर तारीफ की. शो के राइटर्स के मुताबिक, सलमान का किसी कलाकार की इस तरह खुले दिल से सराहना करना बड़ी बात थी. विकल्प इस पल को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मानते हैं.

‘एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा’, ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘द कपिल शर्मा शो’, ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ और ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली ड्रामा’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज के जरिए विकल्प मेहता ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई है. इसके अलावा वे ‘Bhai Tera Star Hai’ और ‘Social Mandiya’ जैसी फिल्मों और वेब शोज में भी नजर आ चुके हैं. उन्होंने अपना डिजिटल शो ‘कॉमेडी विद एक’ भी किया है. एक छोटे से कस्बे से निकलकर अपने हुनर और मेहनत के दम पर पहचान बनाने वाले विकल्प आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं.

First Published :

November 01, 2026, 14:13 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj