पिता चलाते थे किराना दुकान, बेटे का बॉलीवुड में दबदबा, पाली के डॉ. गौतम ने ऐसे तय किया सफर

पाली. राजस्थान के पाली के रहने वाले गौतम भंसाली मायानगरी यानि बॉलीवुड स्टार्स की सिटी मुंबई में अपनी ऐसी धाक जमाई है, जहां आज बॉलीवुड सेलिब्रिटीज, उद्योगपति और देश की नामी हस्तियां उनके इलाज पर भरोसा करती है. पाली के सरदारसमंद गांव में छठी तक की पढ़ाई की. इसके बाद राणावास के हॉस्टल में संघर्ष भरे दिन रहे और पाली शहर से स्कूली शिक्षा हासिल करने के बाद जयपुर के प्रतिष्ठित एसएमएस मेडिकल कॉलेज से साल 1995 से 2000 तक एमबीबीएस की डिग्री ली.
सफर यहीं नहीं थमा मुंबई में डीएनबी मेडिसिन और फिर अमेरिका से विशेष फैलोशिप हासिल कर उन्होंने चिकित्सा जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई. बॉम्बे हॉस्पिटल में बॉलीवुड के बड़े अभिनेताओं-अभिनेत्रियों, बड़े उद्योगपतियों, दिग्गज नेताओं और खेल जगत की हस्तियों का इलाज और मेडिकल केयर उनके मार्गदर्शन में होता है. यही नहीं हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी ने भी पाली के रहने वाले इस डॉक्टर का जिक्र किया जिसपर आज पूरा पाली गर्व महसूस कर रहा है.
बॉलीवुड स्टार्स के बीच मशहूर है यह डॉक्टर
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान और किंग खान शाहरूख खान समेत देश की कई नामचीन हस्तियों का इलाज करने वाले मशहूर फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली का संबंध राजस्थान की वीर और स्वाभिमानी मारवाड़ भूमि से है. मुंबई के प्रतिष्ठित बॉम्बे हॉस्पिटल में पिछले कई वर्षो से बतौर कंसलटेंट फिजिशियन सेवाएं दे रहे. अपनी जड़ों से जुड़ाव और कड़ी मेहनत के दम पर देश के चिकित्सा जगत में खास पहचान बनाने वाले डॉ. भंसाली की यह सफलता हर उस युवा के लिए मिसाल है, जो छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने देखता है.
किराना दुकान से ‘स्टार डॉक्टर’ बनने के पीछे रहा काफी संघर्ष
डॉ. गौतम भंसाली मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव इंद्रोका की ढाणी (हाल निवासी पाली शहर) के रहने वाले हैं. उनके पिता सोहनराज भंसाली पाली में ही एक छोटी सी किराना की दुकान चलाते थे. सीमित संसाधनों के बावजूद डॉ. भंसाली ने अपनी लगन और मेधा के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए. प्री-मेडिकल टेस्ट (PMT) परीक्षा में पूरे राज्य में 7वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. इसके बाद उन्होंने जयपुर के विख्यात सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई पूरी की. अपनी काबिलियत के दम पर उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दीं. इसके बाद पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) के लिए उनका चयन मुंबई के मशहूर बॉम्बे हॉस्पिटल में हुआ, जहां से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और पिछले दो दशकों से वहीं अपनी सेवा दे रहे हैं.
कपिल शर्मा शो से लेकर टीवी जगत में लोकप्रिय
डॉ. भंसाली न केवल चिकित्सा जगत में एक सम्मानित नाम हैं, बल्कि वे टीवी जगत के कई बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी बतौर विशेषज्ञ मेहमान शामिल होते रहे हैं. टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ में भी वे बतौर खास मेहमान नजर आ चुके हैं, जहां कपिल शर्मा और उनकी टीम ने महामारी के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा था.



