राजस्थान निकाय चुनाव में धार्मिक मुद्दों की एंट्री, ओवैसी के दौरे पर भड़के बालमुकुंद आचार्य, कहा- बारूद फैलाने की कोशिश

जयपुर. राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच अब धार्किक मुद्दे भी चुनावी चर्चा में आते दिखाई दे रहे हैं. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के जयपुर दौरे और सहारनपुर मस्जिद विवाद को लेकर हवामहल विधायक और भाजपा नेता बालमुकुंद आचार्य ने तीखा हमला बोला है. सोमवार को भाजपा मुख्लय में मीडिया से बातचीत के दौरान आचार्य ने ओवैसी पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ओवैसी जयपुर क्यों आए, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी, लेकिन उनका आरोप है कि ऐसे नेताओं का मकसद एक खास समाज को राजनीतिक तौर पर प्रभावित करना होता है.
बालमुकुंदा आचार्य ने कहा कि चुनाव के समय इस तरह के मुद्दे उठाकर माहौल में बारूद फैलाने की कोशिश की जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी जयपुर इसलिए आए थे कि यहां किसी तरह का माहौल खराब हो और चुनावी समीकरण को प्रभावित किया जा सके. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान की जनता समझदार है और इस तरह की राजनीति का यहां कोई फायदा नहीं मिलने वाला.
ओवैसी पर लगाया एक समाज को खास वर्ग को टारगेट करने का आरोप
हवामहल विधायक ने कहा कि ओवैसी जैसे नेताओं की राजनीति एक खास समाज को लगातार अपने साथ जोड़ने और आकर्षित करने की रहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में रहकर देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े रहने वाले लोग केवल आग लगाने का काम कर सकते हैं. आचार्य ने कहा कि राजस्थान में इस तरह की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और सामाजिक सौहार्द के साथ आगे बढ़ना चाहती है. ऐसे में चुनाव के दौरान धार्मिक विवादों को लेकर माहौल गर्म करने की कोशिश का कोई असर नहीं होगा. आचार्य के मुताबिक राजस्थान के लोग इस तरह की राजनीति को समझते हैं.
सहारनपुर मस्जिद विवाद पर भी बोले
सहारनपुर मस्जिद विवाद को लेकर भी बालमुकुंद आचार्य ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद का फैसला राजनीतिक बयानबाजी के जरिए नहीं हो सकता. इसके लिए संबंधित विभाग, दस्तावेज और साक्ष्यों को देखा जाता है और जरूरत पड़ने पर मामला न्यायालय की प्रक्रिया में जाता है. आचार्य ने इस दौरान अयोध्या विवाद का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मामला भी न्यायिक प्रक्रिया से आगे बढ़ा और अदालत के फैसले के बाद मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ. उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में भी कानून और अदालत की प्रक्रिया का पालन होना चाहिए.
निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावाधार्मिक मुद्दों पर बयान के साथ ही बालमुकुंद आचार्य ने निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की स्थिति पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने हवामहल विधानसभा क्षेत्र के 15 वार्डों में से 11 वार्डों में भाजपा की जीत का दावा किया है. आचार्य ने कहा कि पार्टी के सामने असली चेहरा कमल है और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जनता में भी भाजपा को लेकर उत्साह है. उन्होंने जयपुर नगर निगम चुनाव में भी भाजपा के लिए बड़ा दावा किया. आचार्य के मुताबिक भाजपा जयपुर नगर निगम में 125 से 130 सीटें जीत सकती है. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव में पूरी तरह जुटे हुए हैं और जनता का समर्थन भाजपा के साथ है.
चुनाव के बीच बयानबाजी तेजनिकाय चुनाव के बीच ओवैसी के जयपुर दौरे और सहारनपुर मस्जिद विवाद को लेकर बालमुकुंद आचार्य का बयान ऐसे समय आया है, जब राजनीतिक दल अपने-अपने मुद्दों के साथ मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं. आचार्य ने जहां धार्मिक मुद्दों को लेकर ओवैसी पर निशाना साधा, वहीं भाजपा के चुनावी प्रदर्शन को लेकर भी भरोसा जताया. उनका कहना है कि राजस्थान में किसी तरह का तनाव पैदा करने की कोशिश सफल नहीं होगी और जनता विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ेगी. साथ ही उन्होंने हवामहल के 15 वार्डों में 11 और जयपुर नगर निगम में 125 से 130 सीटें जीतने का दावा कर चुनावी माहौल में भाजपा के आत्मविश्वास का भी संकेत दिया.



