Rajasthan

BJP में बगावत करने वालों पर गिर रही गाज, 10 पदाधिकारी 6 साल के लिए बाहर, जयपुर में 2 दर्जन नाम रडार पर

जयपुर. निकाय चुनाव 2026 को लेकर राजस्थान भाजपा अब बागियों पर सख्त कार्रवाई के मोड में नजर आ रही है. पार्टी ने पाली और सिरोही में बगावत करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है. इन दोनों जिलों में कुल 10 पदाधिकारियों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है. वहीं जयपुर में भी करीब दो दर्जन पदाधिकारी और पूर्व पदाधिकारी पार्टी के निशाने पर हैं. इन पर भी जल्द कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

निकाय चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वाले नेताओं और पदाधिकारियों को लेकर प्रदेश भाजपा ने सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी है. प्रदेश मुख्यालय की ओर से जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जानकारी भेजें, जिन्होंने पार्टी के खिलाफ गतिविधियां की हैं या अधिकृत प्रत्याशी के सामने बगावत कर चुनावी मैदान में उतरने वालों का साथ दिया है. इसी कड़ी में पाली और सिरोही में कार्रवाई सामने आई है. यहां 10 पदाधिकारियों को छह साल के लिए निष्कासित किया गया है. पार्टी की इस कार्रवाई को निकाय चुनाव के दौरान संगठन में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, किन-किन पदाधिकारियों पर किस मामले में कार्रवाई हुई है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

जयपुर में करीब दो दर्जन नेताओं पर नजर
राजधानी जयपुर में भी भाजपा ने बागियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. करीब दो दर्जन पदाधिकारी और पूर्व पदाधिकारी पार्टी की कार्रवाई के दायरे में बताए जा रहे हैं. प्रदेश मुख्यालय ने जयपुर जिला संगठन से भी ऐसे नेताओं की रिपोर्ट मांगी है, जिन पर निकाय चुनाव में पार्टी के खिलाफ गतिविधियां करने या अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने का आरोप है. प्रदेश स्तर पर इस रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. यानी आने वाले दिनों में जयपुर समेत दूसरे जिलों में भी भाजपा की ओर से कार्रवाई का सिलसिला बढ़ सकता है. प्रदेश मुख्यालय ने अन्य जिलों को भी इसी तरह की रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं.

निकाय चुनाव से पहले पार्टी ने कड़ा किया रुख
दरअसल, निकाय चुनाव में टिकट को लेकर कई जगहों पर नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आती है. टिकट नहीं मिलने के बाद कुछ नेता निर्दलीय या दूसरे प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय हो जाते हैं. भाजपा अब ऐसे मामलों को लेकर पहले से ही सख्त रुख अपना रही है. पाली और सिरोही में 10 पदाधिकारियों के निष्कासन के बाद यह साफ संकेत है कि पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ खुलकर काम करने वालों को लेकर नरमी के मूड में नहीं है.

CM भजनलाल शर्मा करेंगे जयपुर में रोड शोइधर, निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी राजधानी जयपुर में रोड शो करेंगे. मतदान से पहले 9 सितंबर को मुख्यमंत्री का रोड शो प्रस्तावित है. यह रोड शो सुबह 11 बजे शुरू होगा और करीब दो घंटे तक चलेगा.

सांगानेरी गेट से शुरू होगा रोड शो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो सांगानेरी गेट से शुरू होगा. इसके बाद रोड शो जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और चांदपोल गेट तक जाएगा. करीब दो घंटे के इस रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे. राजधानी में मतदान से ठीक पहले होने वाले इस रोड शो को भाजपा के चुनाव प्रचार के लिहाज से अहम माना जा रहा है. पार्टी की कोशिश है कि आखिरी दौर में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए. मुख्यमंत्री के रोड शो के जरिए भाजपा जयपुर नगर निगम चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी. एक तरफ पार्टी बागियों और अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार को धार देने की कोशिश होगी. ऐसे में निकाय चुनाव के पहले राजस्थान भाजपा के लिए संगठन और चुनाव प्रचार, दोनों मोर्चे अहम हो गए हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj