‘राजस्थान में पार्टी राम भरोसे, चापलूसी न मेरे खून में है, न कभी करूंगा’, कांग्रेस पर भड़के विश्वेंद्र सिंह

Last Updated:October 09, 2026, 11:51 IST
राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ बगावती बिगुल फूंक दिया है. सोशल मीडिया पर एक बेहद तल्ख पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के कर्ताधर्ताओं पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने 60 साल देश पर राज किया, वह आज राजस्थान में ‘राम भरोसे’ चल रही है. उनके इस बयान से सूबे की राजनीति में भूचाल आ गया है. भरतपुर रियासत के पूर्व महाराजा और कद्दावर नेता विश्वेंद्र सिंह का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब उन्होंने अपनी ही पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए.
भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर जिलों में कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके विश्वेंद्र सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि 60 साल तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस आज राजस्थान में ‘राम भरोसे’ है. पार्टी के नेता जिस डाल पर बैठे हैं, उसी को काट रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्वाभिमानी लोगों का कांग्रेस में दम घुट रहा है.
विश्वेंद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के कर्ताधर्ताओं को अहम और वहम की राजनीति से बाहर निकलने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं के मान-सम्मान की कमी है. युवाओं का मार्गदर्शन करने और नारी शक्ति को आगे बढ़ाने की सोच भी नजर नहीं आती.
उन्होंने अपने अंदाज में कहा, “चापलूसी न मेरे खून में है, न कभी करूंगा.” विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि वह गिरिराज धनी के सेवक हैं और हमेशा सही के साथ खड़े रहे हैं.
राजनीतिक भविष्य का फैसला जनता पर छोड़ा
विश्वेंद्र सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जनता का जो आदेश होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा. उनके इस बयान को राजस्थान कांग्रेस की राजनीति में नए घटनाक्रम के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “गिरिराज महाराज की जय… जय हिंद… भरतपुर संभाग की मेरी प्रिय जनता को सादर प्रणाम.”
विश्वेंद्र सिंह के इस बयान से राजस्थान कांग्रेस में सियासी हलचल तेज होने की संभावना है. उनके बयान में पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर जनता पर भरोसा जताने का संदेश साफ नजर आता है.
2 अक्टूबर को दिया था इस्तीफा
विश्वेंद्र सिंह ने 2 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी से नाराजगी जताई थी. उन्होंने निकाय चुनावों में भरतपुर और डीग जिले में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद इस्तीफा दे दिया था. विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा करते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी.
इसके अलावा उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में चल रही चापलूसी और गलत नीतियों के कारण वफादार कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Bharatpur,Rajasthan
First Published :
October 09, 2026, 11:10 IST



