Rajasthan

राजस्थान में यहां बसेगा नया औद्योगिक शहर, 300 हेक्टेयर जमीन पर होगा विस्तार, जानें पूरा प्लान

जयपुर. पश्चिमी राजस्थान में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (JPMIA) का विस्तार किया जा रहा है. दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर (DMIC) के तहत विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट को राजस्थान की आधुनिक एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप के रूप में तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि निवेशकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए अब इसके उत्तरी हिस्से में 300 हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त जमीन विकसित करने की योजना बनाई गई है. यहां उद्योगों के लिए जमीन देने के साथ कर्मचारियों के रहने, वेयरहाउसिंग और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी होगी.

इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य सिर्फ औद्योगिक प्लॉट विकसित करना नहीं, बल्कि उद्योगों के लिए जरूरी सड़क, बिजली, पानी, आवास और व्यावसायिक सुविधाओं का एक पूरा नेटवर्क तैयार करना है. इससे उद्यमियों को उद्योग लगाने के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा और कर्मचारियों को भी काम के आसपास रहने की सुविधाएं मिल सकेंगी. पाली जिले के रोहट में विकसित हो रही यह टाउनशिप पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक गतिविधियों का नया केंद्र बन सकती है.

300 हेक्टेयर में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र

निवेशकों, खासकर विदेशी निवेशकों की ओर से पहले चरण में दिखाई गई रुचि के बाद रीको ने परियोजना के उत्तरी हिस्से के विस्तार की तैयारी शुरू की है. यहां 300 हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त क्षेत्र विकसित करने की योजना है. इसमें मुख्य रूप से व्हाइट और ग्रीन श्रेणी के पर्यावरण अनुकूल उद्योगों को जगह देने पर जोर रहेगा. इसके अलावा कर्मचारियों के आवास, वेयरहाउस और अन्य सहायक गतिविधियों के लिए भी जमीन की योजना बनाई जाएगी.

रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में 5 नवंबर को उद्योग भवन में परियोजना के विकास कार्यों की समीक्षा की गई. जिसमें उत्तरी हिस्से की प्लानिंग, निवेशकों की प्रतिक्रिया और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर चर्चा हुई. उत्तरी हिस्से की विस्तृत योजना को अंतिम रूप देने के बाद निर्माण कार्यों की लागत का आकलन किया जाएगा. इसके बाद EPC आधार पर काम कराने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे.

पहले चरण में 30 औद्योगिक भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध

इस औद्योगिक टाउनशिप के पहले चरण में निवेशकों के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. फिलहाल औद्योगिक भूखंड लेने के इच्छुक निवेशक 20 नवंबर 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. पहले राउंड में कुल 30 भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध कराए गए हैं. इसके बाद दूसरे राउंड में और अधिक भूखंड खोले जाएंगे. इसके अलावा मोटल, रेस्टोरेंट और अन्य सामाजिक सुविधाओं के लिए भी भूखंडों का प्रत्यक्ष आवंटन शुरू किया गया है.

सड़क, पानी और बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम तेज

औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है. इसके तहत प्रमुख सड़कों और अन्य आधारभूत ढांचे का निर्माण किया जा रहा है. परियोजना में पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल से औद्योगिक क्षेत्र तक जलापूर्ति व्यवस्था तैयार की जा रही है. वहीं, बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड की ओर से कांकाणी से परियोजना की सीमा तक डबल-बे लाइन बिछाई जा रही है.

रीको की ओर से इन सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि तय समय में गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा हो सके. इस टाउनशिप में औद्योगिक इकाइयों के अलावा आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत सुविधाएं भी विकसित होंगी. इससे उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी आसपास ही जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी.

पश्चिमी राजस्थान को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र

जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार से पश्चिमी राजस्थान में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी. यहां देशी और विदेशी कंपनियों को उद्योग लगाने के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने की योजना है. पर्यावरण के अनुकूल उद्योगों को प्राथमिकता मिलने से औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय मानकों का भी ध्यान रखा जाएगा. इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने और पाली, जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj