मौसम का अजब खेल, राजस्थान में सुबह ठिठुरन, दोपहर में तपिश, बाड़मेर-जोधपुर ने चौंकाया

जयपुर. राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल रहा है. 6 नवंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी. राजस्थान में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 37 डिग्री के आसपास बना हुआ है. वहीं, पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ शहरों में रात के तापमान में गिरावट से सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में भी व्यापक बारिश के कोई संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 से 12 नवंबर के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. वहीं, 13 से 19 नवंबर के बीच भी बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है. ऐसे में नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी राजस्थान के लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना है.
मौसम में फिलहाल बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है. आगामी 3 से 4 दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद भी अधिकतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव के संकेत नहीं हैं. दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रह सकती है, जबकि रात और सुबह के समय हल्की ठंडक का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा.
राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश की गतिविधियां दर्ज नहीं की गईं
10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है. इसकी अक्षीय रेखा करीब 69 डिग्री पूर्वी देशांतर से 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर तक फैली हुई है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी उत्तराखंड के ऊपर समुद्र तल से 1.5 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, इसके कारण राजस्थान में बारिश होने का फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं है. प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
दिन में गर्मी और रात में बढ़ेगी ठंडक
प्रदेश में फिलहाल दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और आसपास के इलाकों में दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है. वहीं, टोंक, भीलवाड़ा, सीकर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, नागौर और करौली समेत कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान अभी 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. माउंट आबू, फतेहपुर और सीकर जैसे इलाकों में सुबह और रात के समय ठंडक अधिक महसूस हो सकती है.
आगामी दो सप्ताह का मौसम पूर्वानुमान (06.11.2026-19.11.2026) https://t.co/dPZKjl6Vo8
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) November 5, 2026



