रिश्वत के खिलाफ ACB का एक्शन, बांदीकुई में 3 कर्मचारी ट्रैप, रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर भी गिरफ्त में

Last Updated:September 30, 2026, 19:21 IST
Bandikui Bribery Case: बांदीकुई में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. दिए गए विवरण के अनुसार, कार्रवाई के दौरान रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत दो इंजीनियर और एक लाइनमैन को रिश्वत लेते ट्रैप किया गया. ACB की इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग से जुड़े मामले में हड़कंप मच गया है. तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
ख़बरें फटाफट
रिश्वत के खिलाफ ACB का बड़ा एक्शन, बांदीकुई में 3 कर्मचारी ट्रैप
दौसा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने दौसा जिले के बांदीकुई में एक बड़ी ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया है. एसीबी ने रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर और जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) के सहायक अभियंता सहित तीन भ्रष्ट कर्मियों को परिवादी से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय जयपुर के सख्त निर्देशों के बाद एसीबी चौकी दौसा की स्पेशल टीम द्वारा की गई है, जिससे सरकारी महकमों में हड़कंप मचा.
यह पूरा मामला बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर लगाए जा रहे एक सोलर प्लांट से जुड़ा है. परिवादी की फर्म की ओर से बांदीकुई रेलवे स्टेशन में सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा था. इस प्लांट के संबंध में नेट मीटरिंग की फाइल विभाग में प्रस्तुत की गई थी. मीटर चेंजिंग का ऑर्डर जारी करने और रुकी हुई फाइल को आगे बढ़ाने की एवज में इन लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 10 हजार रुपए की अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी. तंग आकर परिवादी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज कराई, जिसके बाद एसीबी ने अपनी तकनीकी और गोपनीय टीम के जरिए इस शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि सही पाई गई.
योजनाबद्ध तरीके से डाली गई एसीबी की रेडसत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने पूरी सावधानी और योजना के साथ ट्रेप की कार्रवाई को आगे बढ़ाया. तय योजना के मुताबिक, डिस्कॉम के कर्मचारियों ने परिवादी को रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मराज गुर्जर के कार्यालय में बुलाया. कार्यालय में पहुंचने पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मराज गुर्जर ने परिवादी से रिश्वत के रुपए लिए और अपने हाथों से नोटों की गिनती की. इसके बाद, तय हुए बटवारे के अनुसार 5 हजार रुपए एक खाकी रंग के लिफाफे में रखकर डिस्कॉम के सहायक अभियंता छोटेलाल सैनी और लाइनमैन धर्मेन्द्र सैनी को सौंप दिए गए. दोनों कर्मचारियों ने तत्काल वह रिश्वत की राशि परिवादी की मूल पत्रावली (फाइल) के अंदर रख दी.
रिश्वत राशि बरामद कर तीनों आरोपी दबोचे गएमौके पर पहले से सतर्क बैठी एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश दी और मूल पत्रावली से 5 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद कर ली. इसके साथ ही एसीबी ने मौके पर ही जयपुर डिस्कॉम बांदीकुई के सहायक अभियंता छोटेलाल सैनी, लाइनमैन प्रथम धर्मेन्द्र सैनी और बांदीकुई रेलवे जंक्शन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत धर्मराज गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा, कार्रवाई के दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मराज गुर्जर द्वारा बाकी के बचे हुए 5 हजार रुपए परिवादी को वापस लौटाए जाने का मामला भी सामने आया, जिन्हें एसीबी ने एक महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्जएसीबी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में डर का माहौल है. एसीबी की टीम अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध वसूली के खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. एसीबी द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगामी अनुसंधान किया जा रहा है.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Dausa,Rajasthan
First Published :
September 30, 2026, 19:21 IST



