Rajasthan

वसुंधरा के गढ़ में कांग्रेस की सेंधमारी, झालावाड़ नगर परिषद सभापति बने राजेश गुर्जर

झालावाड़. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस के राजेश गुर्जर चुने गए हुए हैं. राजेश गुर्जर को 30 वोट मिले, जबकि बीजेपी के राजकुमार सोनी को 15 वोट हासिल हुए. इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 15 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

झालावाड़ नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस के राजेश गुर्जर ने बाजी मार ली है. नगर परिषद की कुल 45 सीटों पर हुए मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 30 वोट पड़े, जबकि बीजेपी प्रत्याशी राजकुमार सोनी को 15 वोट मिले. नतीजे सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.

समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही नगर परिषद के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई. कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर, कांग्रेस नेता देवकीनंदन वर्मा और महेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित सभापति राजेश गुर्जर को माला पहनाकर बधाई दी. जीत के बाद राजेश गुर्जर ने मीडिया से बातचीत की और शहर के विकास के लिए योजना बताईं.

शहर के विकास को लेकर क्या बोले राजेश गुर्जर?

नवनिर्वाचित सभापति राजेश गुर्जर ने कहा कि झालावाड़ शहर को क्लीन और ग्रीन रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने शहर के विकास कार्यों को गति देने की बात कही. इसके अलावा निकाय से जुड़े प्रमाण पत्र और पट्टे जल्द जारी करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.

चुनाव के दौरान कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त

सभापति चुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी. जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक लगातार चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए थे.

8 निकायों में से चार पर कांग्रेस का कब्जा

झालावाड़ जिले की 8 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. जिले में कांग्रेस ने 4 निकायों में अपना बोर्ड बनाया, जबकि बीजेपी ने भी 4 निकायों में जीत दर्ज की. सबसे बड़ा उलटफेर पीड़ावा नगरपालिका में हुआ, जहां बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के समर्थन से अपना बोर्ड बना लिया.

झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस के राजेश गुर्जर सभापति बने हैं. वहीं, झालरापाटन में क्रॉस वोटिंग और पीड़ावा में गठबंधन ने चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया.

भवानीमंडी और खानपुर में कांग्रेस का बोर्ड

भवानीमंडी नगरपालिका में कांग्रेस की पिंकी गुर्जर अध्यक्ष चुनी गईं. पिंकी गुर्जर को 26 वोट मिले और उन्होंने बीजेपी के सुनीश कुमार दीक्षित को 12 वोटों से हराया. वहीं, खानपुर नगरपालिका में कांग्रेस की कांता साहू ने जीत दर्ज की. उन्हें 18 वोट मिले, जबकि बीजेपी की प्रिया सुमन को 11 वोट हासिल हुए.

झालरापाटन में क्रॉस वोटिंग से बढ़ा सस्पेंस

झालरापाटन नगरपालिका में बीजेपी के अंशु गुप्ता अध्यक्ष चुने गए. उन्हें 24 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के रिजवान अहमद को 18 वोट हासिल हुए. आम आदमी पार्टी के मोहम्मद नदीम को 5 वोट मिले. चुनाव में कांग्रेस के दो पार्षदों की ओर से बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद बीजेपी प्रत्याशी की जीत हुई.

अकलेरा और मनोहरथाना में बीजेपी का बोर्ड

अकलेरा नगरपालिका में बीजेपी की यांशिका मेवाड़ा अध्यक्ष बनीं. उन्होंने 25 वोट हासिल कर कांग्रेस की हिमानी पारेता को 17 वोटों से हराया. वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी आमिला मंसूरी को 2 वोट मिले. मनोहरथाना नगरपालिका में बीजेपी के देवेंद्र शर्मा अध्यक्ष चुने गए. देवेंद्र शर्मा को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के राहुल साहू को 6 वोट हासिल हुए. बीजेपी ने यहां भी जीत दर्ज कर अपना बोर्ड बना लिया.

डग में कांग्रेस की टीना ने मारी बाजी

डग नगरपालिका में कांग्रेस की टीना अध्यक्ष निर्वाचित हुईं. उन्हें 14 वोट मिले, जबकि बीजेपी की भगवती बाई को 8 वोट हासिल हुए. कांग्रेस प्रत्याशी ने 6 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और डग नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया.

पीड़ावा में सबसे बड़ा उलटफेर

झालावाड़ जिले की पीड़ावा नगरपालिका में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए. यहां बीजेपी के राजू माली अध्यक्ष चुने गए. उन्हें 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के रणजीत सिंह चौहान को 8 वोट हासिल हुए. पीड़ावा में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के समर्थन से अपना बोर्ड बनाया है. इस गठबंधन के चलते पीड़ावा नगरपालिका का परिणाम जिले के सबसे चर्चित नतीजों में शामिल रहा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj