श्रीगंगानगर में 8 बारी पानी पर संग्राम, विधायक शिमला नायक सहित प्रदर्शनकारी डिटेन, पुलिस से धक्का-मुक्की

Last Updated:September 28, 2026, 07:57 IST
Sri Ganganagar Farmers Protest: श्रीगंगानगर के घड़साना में 8 बारी सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है. मुख्यमंत्री के सूरतगढ़ कार्यक्रम में विरोध दर्ज कराने जा रहे किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर घग्घर पुल के पास रोक दिया. विधायक शिमला नायक के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. इसके बाद पुलिस ने विधायक शिमला नायक समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर लिया. सभी को जाट धर्मशाला ले जाया गया, जहां भारी पुलिस जाब्ता तैनात है. किसानों की मांग है कि उन्हें 8 बारी सिंचाई पानी उपलब्ध कराया जाए.श्रीगंगानगर में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर घग्घर पुल के पास रोक दिया
श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर के घड़साना में 8 बारी सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है. किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सूरतगढ़ कार्यक्रम के दौरान विरोध दर्ज कराने की तैयारी की थी. इसी के तहत विधायक शिमला नायक के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान सूरतगढ़ के लिए रवाना हुए. हालांकि, पुलिस ने अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर घग्घर पुल के पास नाकाबंदी कर उन्हें रोक दिया. किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सूरतगढ़ जाने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन ने घग्घर पुल पर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी. पुल के दोनों तरफ बैरिकेड लगाए गए और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया. पुलिस की ओर से वाहनों और सूरतगढ़ की ओर जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही थी.
विधायक शिमला नायक के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों का जत्था जब घग्घर पुल पर पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत और बहस होती रही. स्थिति उस समय गरमा गई, जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की. इस दौरान किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद पुलिस ने विधायक शिमला नायक सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर लिया. पुलिस सभी को जाट धर्मशाला लेकर पहुंची, जहां उन्हें रखा गया है. जाट धर्मशाला में पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया है. मौके पर डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल के साथ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं.
प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर हैं तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. तहसीलदार राजवीर कड़वासरा, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई और एडीएम अशोक सांगवा स्थिति पर नजर रख रहे हैं. पुलिस और प्रशासन की ओर से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. किसानों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग 8 बारी सिंचाई पानी दिए जाने की है. इसी मांग को लेकर किसान पिछले 18 दिनों से धरने पर बैठे हैं. किसानों का आरोप है कि उनकी मांग को लेकर सरकार की ओर से अब तक अपेक्षित समाधान नहीं किया गया है. इसी के चलते किसानों ने मुख्यमंत्री के सूरतगढ़ कार्यक्रम में पहुंचकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया था.
डिटेन किए गए कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी जाट धर्मशाला में शिफ्ट
किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांग और समस्या रखना चाहते थे. विरोध प्रदर्शन के दौरान काले झंडे दिखाने की भी तैयारी की गई थी. हालांकि, सूरतगढ़ पहुंचने से पहले ही पुलिस ने घग्घर पुल पर नाकाबंदी कर उन्हें रोक दिया. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के आमने-सामने आने के बाद अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोका और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल विधायक शिमला नायक सहित डिटेन किए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को जाट धर्मशाला में रखा गया है. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Ganganagar,Ganganagar,Rajasthan
First Published :
September 28, 2026, 07:57 IST



