सांवलियाजी में मंजीरे बजाते दिखे CM भजनलाल, जन्माष्टमी पर उनका भक्तिमय अंदाज वायरल

Last Updated:September 05, 2026, 11:35 IST
CM Bhajanlal Sharma Manjira Playing Viral Video: चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व भव्य और भक्तिमय माहौल में मनाया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मंदिर पहुंचे और भजन-कीर्तन में मंजीरे बजाते नजर आए. उनका यह अंदाज अब चर्चा में है. जन्माष्टमी पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा. रात करीब 8 बजे आयोजित ड्रोन शो में 1000 से अधिक ड्रोन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं और आकृतियों को आसमान में प्रदर्शित किया गया. राधा-कृष्ण और माखन चोरी जैसे प्रसंगों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा. मंदिर में प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य आतिशबाजी भी हुई. मध्यरात्रि में कृष्ण जन्म के साथ विशेष महाआरती आयोजित की गई. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, निःशुल्क बस, पानी, पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का श्री सांवलियाजी मंदिरमें भजन-कीर्तन के दौरान मंजीरे बजाते वीडियो वायरल
चित्तौड़गढ़. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान को धार देने में जुटी हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी लगातार चुनावी दौरों और रोड शो के जरिए भाजपा प्रत्याशियों के लिए माहौल बनाने में जुटे हुए हैं. इसी चुनावी व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज देखने को मिला. जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी पहुंचे, जहां वे पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगे नजर आए. मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने मंजीरे बजाए और भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री को मंजीरे बजाते देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया. इस दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा. मुख्यमंत्री का यह भक्तिमय अंदाज अब चर्चा में है.
चुनावी कार्यक्रमों के बीच सांवलियाजी में उनका यह रूप धार्मिक आस्था से जुड़ा अलग संदेश देता नजर आया. जन्माष्टमी के अवसर पर श्री सांवलियाजी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. मंगला दर्शन के साथ शुरू हुआ भक्तों के पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन करते नजर आए. मंदिर परिसर को जन्माष्टमी के लिए विशेष रूप से सजाया गया था. फूलों की सजावट, आकर्षक लाइटिंग और धार्मिक झांकियों ने पूरे परिसर का माहौल भक्तिमय बना दिया.
1000 से ज्यादा ड्रोन ने दिखाईं कृष्ण की लीलाएं
जन्माष्टमी पर सांवलियाजी में आयोजित भव्य ड्रोन शो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहा. रात करीब 8 बजे आसमान में एक साथ 1000 से अधिक ड्रोन नजर आए. इन ड्रोन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग आकृतियां और उनकी लीलाओं के प्रसंग प्रदर्शित किए गए. राधा-कृष्ण की झलक से लेकर कन्हैया के माखन चुराने तक के दृश्य आसमान में उभरे तो श्रद्धालु देखते ही रह गए. ड्रोन से बनी कृष्ण की आकृतियों के दौरान पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा. मंदिर मंडल की ओर से जन्माष्टमी के मौके पर आधुनिक तकनीक के जरिए कृष्ण की लीलाओं को प्रस्तुत किया गया. इसके साथ ही मंदिर पर प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य आतिशबाजी भी की गई. रंग-बिरंगी आतिशबाजी और आकर्षक रोशनी के बीच सांवलियाजी मंदिर का नजारा देखते ही बन रहा था.
मुख्यमंत्री का भक्तिमय अंदाज बना चर्चा का विषय
मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन हुआ. जन्मोत्सव से पहले सांवलिया सेठ का विशेष श्रृंगार किया गया. जैसे ही मध्यरात्रि में जन्म का समय हुआ, मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जन्म दर्शन किए और महाआरती में शामिल होकर भगवान के जयकारे लगाए. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर मंडल और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थीं. अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई और पार्किंग से मंदिर तक पहुंचने के लिए निःशुल्क बसें चलाई गईं.
लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पंखे, कूलर और पानी के कैंपर लगाए गए. इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मंजीरे बजाते हुए वीडियो भी सामने आया है. चुनावी प्रचार की व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री का यह भक्तिमय अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. सांवलियाजी में जन्माष्टमी के दौरान धार्मिक आस्था, आधुनिक तकनीक और भव्य आयोजन का अनोखा संगम देखने को मिला.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Chittaurgarh,Rajasthan
First Published :
September 05, 2026, 11:35 IST



