कोलकाता मेट्रो में 'मैडम' का फुल ऑन कलेश! खूब करी झोंटा-झोंटी, फिर ₹1000 का फाइन देकर घर लौटीं

कोलकाता के नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है. इस वीडियो में मेट्रो सुरक्षा में तैनात एक महिला कर्मी और एक महिला पैसेंजर एक दूसरे के बालों को पकड़कर झगड़ा करती नजर आ रही है. यह घटना 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे की है. बताया जा रहा है कि दो महिलाएं मेट्रो स्टेशन पहुंची थीं, जिसमें एक के पास बैग था. वह महिला अपना बैग स्कैनर में डाले बिना सिक्योरिटी चेक प्वाइंट क्रॉस करने की कोशिश कर रही थी. जिस पर महिला सुरक्षाकर्मी ने उसे रोककर बैग स्कैनर में डालने के लिए कहा. जिस पर महिला ने बैग स्कैनर में डालने से साफ इंकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही पलों में यह कहासुनी मारपीट में बदल गई. दोनों महिलाओं ने महिला सुरक्षाकर्मी पर हमला बोल दिया और उसके बाल पकड़कर खींचने लगी. इसमें महिला सुरक्षाकर्मी भी पीछे नहीं रही, उसने भी महिला के बाल पकड़कर खीचना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों और यात्रियों ने मिलकर तीनों को झुड़ाया. बाद में दोनों महिलाओं पर कार्रवाई करते हुए 1000-1000 रुपए का फाइन लगाया गया है.



