सीकर स्टेशन पर 3 साल बाद दिखा बड़ा बदलाव, सैकंड एंट्री शुरू, जनवरी तक मिलेंगी ये सुविधाएं

Last Updated:October 05, 2026, 09:10 IST
Sikar Amrit Bharat Station Scheme Station Development: सीकर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्य अब जमीन पर नजर आने लगे हैं. करीब 18 करोड़ रुपए की लागत वाले प्रोजेक्ट का 70 से 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ शेखावाटी की कला और स्थापत्य का हेरिटेज लुक दिया जा रहा है. प्लेटफॉर्म नंबर 4 की ओर सैकंड एंट्री शुरू होने से नक्लगढ़ रोड, पिपराली रोड और कोचिंग क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. यहां ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है. डिजिटल डिस्प्ले, कोच इंडिकेशन सिस्टम, साइनेज, एलईडी लाइटिंग और नए वेटिंग रूम जैसी सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं. जनवरी तक लिफ्ट, फुट ओवर ब्रिज, सबवे, एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज और अन्य सुविधाएं शुरू होने की उम्मीद है.
सीकर स्टेशन पर तीन साल पहले शुरू हुआ बदलाव अब दिखने लगा है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 18 करोड़ रुपए की लागत से शुरू किए गए विकास कार्यों में 70 से 80 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं. स्टेशन पर नई सुविधाओं के साथ शेखावाटी की कला और स्थापत्य की झलक भी दिखाई देने लगी है. अब यात्रियों को स्टेशन पर पहले के मुकाबले बेहतर प्रवेश, बैठने, टिकट और सूचना संबंधी सुविधाएं मिल रही है.
प्लेटफॉर्म नंबर 4 की तरफ सैकंड एंट्री शुरू होना स्टेशन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. नक्लगढ़ रोड, पिपराली रोड, राधाकिशनपुरा और आसपास के कोचिंग क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को अब मुख्य प्रवेश द्वार तक जाने की जरूरत नहीं होगी. इस तरफ नया प्रवेश भवन तैयार किया गया है. यहां ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है, जिससे यात्री ऑनलाइन भुगतान कर अनारक्षित टिकट निकाल सकेंगे.
स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के साथ सूचना व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया गया है. सर्कुलेटिंग एरिया में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि प्लेटफॉर्म पर कोच की स्थिति बताने वाले डिस्प्ले सिस्टम यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होंगे. यात्रियों को सही दिशा में पहुंचाने के लिए साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं. स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के साथ एलईडी लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है.
Add as Preferred Source on Google
सीकर की पहचान को स्टेशन की इमारत में भी दिखाने की कोशिश की गई है. मुख्य प्रवेश द्वार को शेखावाटी की कला और स्थापत्य शैली की झलक देते हुए हेरिटेज लुक दिया गया है. स्टेशन पर नया पार्सल कार्यालय, पार्किंग एरिया और वेटिंग रूम तैयार किए गए हैं. यात्रियों को गर्मी, धूप और बारिश से राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म शेड का विस्तार भी किया गया है.
अब जनवरी तक कई ऐसी सुविधाएं शुरू होने की उम्मीद है, जिनका यात्रियों को लंबे समय से इंतजार है. बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट लगाई जा रही है. एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए नए फुट ओवर ब्रिज और सबवे का काम भी जारी है. इसके अलावा एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज, वेटिंग हॉल और शौचालयों की सुविधा भी विकसित की जा रही है.
स्टेशन के बाहर की व्यवस्था सुधारने पर भी प्रोजेक्ट में जोर दिया गया है. सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रैफिक प्लान के जरिए वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने और जाम की समस्या कम करने की योजना है. प्लेटफॉर्म की सतह को भी दुरुस्त और समतल किया जाएगा. वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के तहत शेखावाटी के स्थानीय हस्तशिल्प, बंधेज और अन्य प्रसिद्ध उत्पादों के लिए कियोस्क बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
October 05, 2026, 09:10 IST



