हिंदी सिनेमा की डांसिंग क्वीन, तंगहाली के चलते 13 साल की उम्र में किया डेब्यू, ‘सीआईडी’ से बनी स्टार

Last Updated:October 23, 2026, 04:31 IST
50-60 के दशक में हिंदी सिनेमा पर एक हीरोइन का जलवा था. वे एक बेहतरीन डांसर होने के अलावा शानदार अभिनेत्री थीं. उन्होंने कई शानदार फिल्मों में यादगार परफॉर्मेंस दी थीं. मगर हिंदी सिनेमा में उनके कदम मजबूरी में पड़े थे. उन्होंने घर की आर्थिक तंगी के चलते फिल्मों में कदम रखा था. फिल्म ‘सीआईडी’ ने उन्हें स्टार बना दिया था.
ख़बरें फटाफट
मशहूर एक्टर महमूद अली, मीनू मुमताज के सगे भाई थे. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली : 1950 और 1960 का दशक एक ऐसा दौर था, जब महिलाओं का पढ़ना भी एक बड़ी अचीवमेंट होता था. उस समय एक अभिनेत्री और डांसर ने अपनी कला और सुंदरता के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर एक ऐसी अमिट छाप छोड़ी, जिसकी मिसाल आज तक कायम है. हम बात कर रहे हैं हिंदी सिनेमा की एक मशहूर अभिनेत्री और शानदार डांसर मीनू मुमताज की.
मीनू मुमताज का असल नाम मलिकुन्निसा अली था. उनका जन्म 26 अप्रैल 1942 को मुंबई के एक कला प्रेमी परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम मुमताज अली था, जो कि एक मशहूर डांसर और चरित्र अभिनेता थे. उनकी माता का नाम लतीफ उन्निसा था. वह 8 भाई-बहनें थीं. प्रसिद्ध कॉमेडियन महमूद अली उनके सगे भाई थे.
13 साल की आयु में किया डेब्यूमीनू को बचपन से ही डांस में काफी रुचि थी. वह अक्सर अपने पिता के साथ अलग-अलग शहरों में जाकर स्टेज शो किया करती थी. हालांकि पिता की शराब की लत के कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब रहती थी. इस परिस्थिति में मीनू ने छोटी उम्र में यह फैसला लिया कि वह स्टेज शो के साथ फिल्मों में भी अपना करियर बनाएगी. मीनू की कला और मेनहत जल्द ही रंग लाई और महज 13 साल की आयु में 1955 में निर्देशक नानूभाई वकील ने उन्हें फिल्म ‘सफी खातिम’ में पहला मौका दिया. हालांकि, उन्हें असली सफलता साल 1956 में गुरुदत्त की सुपरहिट फिल्म ‘सीआईडी’ से मिली. इस फिल्म ने मीनू को रातों रात लोकप्रिय बना दिया.
कई यादगार फिल्मों में किया काममीनू की किस्मत चमक उठी और उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया. वह सिर्फ खूबसूरत अभिनेत्री नहीं, बल्कि बेहतरीन डांसर भी थीं. उन्होंने हीरोइन के रोल के साथ-साथ कैरेक्टर रोल और साइड रोल भी किए. मीनू की कुछ अहम फिल्मों की बात करें तो उनमें ‘आशा’, ‘माई बाप’, ‘हलाकू’, ‘घर घर की बात’, ‘चित्रलेखा’, ‘चौदहवीं का चांद’, ‘कागज के फूल’ और ‘हावड़ा ब्रिज’ जैसी कई मशहूर फिल्में शामिल हैं.
शादी के बाद सिनेमा से बनाई दूरीमीनू मुमताज ने 12 जून 1963 को फिल्म निर्देशक सैयद अली अकबर (एस. अली अकबर) से शादी की थी. उनके चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) हुए. शादी और बच्चों के जन्म के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली. उन्होंने अपने जीवन के आखिरी साल कनाडा में बिताए. 23 अक्टूबर 2021 को 79 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 23, 2026, 04:31 IST



