10 लाख के बिल पर 70 हजार की डील, बूंदी की तालेड़ा पंचायत समिति में रिश्वत लेते JEN रंगे हाथों गिरफ्तार

Last Updated:October 29, 2026, 08:52 IST
ACB Trap in Bundi Talera: बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में एसीबी की इंटेलिजेंस विंग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर भानु प्रताप को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी ने 10 लाख रुपए का बकाया बिल पास कराने के एवज में 7 प्रतिशत कमीशन मांगा था. परिवादी का आरोप है कि JEN ने पहले भी 10 हजार रुपए लिए थे और इस रिश्वत में एईएन के लिए भी मांग की गई थी. एसीबी अब मामले में अन्य अधिकारियों की संलिप्तता की जांच कर रही है.
ACB Trap in Bundi: तालेड़ा पंचायत समिति में 70 हजार की रिश्वत लेते JEN गिरफ्तार, 10 लाख के बिल पर मांगा था कमीशन
Bundi: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की इंटेलिजेंस विंग ने बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जूनियर इंजीनियर (JEN) भानु प्रताप को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी JEN पर एक ठेकेदार का 10 लाख रुपए का बकाया बिल पास कराने और उसका भुगतान करवाने की एवज में भारी-भरकम कमीशन मांगने का गंभीर आरोप है. इस कार्रवाई के बाद से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
एसीबी के डीएसपी चंद्रकंवर के अनुसार, इस मामले में परिवादी ठेकेदार ने बीते 7 अक्टूबर को एसीबी में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि उसका लगभग 10 लाख रुपए का विकास कार्यों से जुड़ा बिल पिछले फरवरी महीने से बकाया चल रहा था. इस बिल को पास कराने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आरोपी JEN ने कुल राशि का 10 प्रतिशत कमीशन मांगा था. बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद 7 प्रतिशत यानी 70 हजार रुपए की रिश्वत देने पर सहमति बनी थी.
पहले भी ले चुका था 10 हजार रुपए, AEN की भूमिका की भी जांचपरिवादी का यह भी आरोप है कि आरोपी जूनियर इंजीनियर इससे पहले भी उसके पुराने बिलों का भुगतान कराने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत वसूल चुका था. वहीं, नए बिल के भुगतान के एवज में जो 70 हजार रुपए मांगे जा रहे थे, उसमें सहायक अभियंता (AEN) के लिए भी हिस्सा मांगने की बात सामने आई है. एसीबी के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के इन तमाम आरोपों की पुष्टि हो गई थी, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई और टीम ने तालेड़ा पंचायत समिति कार्यालय में पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया.
एसीबी की पूछताछ जारी, अन्य अधिकारियों पर भी कस सकता है शिकंजाएसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़े गए JEN भानु प्रताप को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. इस मामले में एसीबी यह भी गहराई से जांच कर रही है कि इस रिश्वतकांड में एईएन (AEN) या अन्य कोई अधिकारी शामिल था या नहीं. बिलों के भुगतान के नाम पर चल रहे इस खेल और भ्रष्टाचार की इस पूरी चेन का पर्दाफाश करने के लिए एसीबी के अधिकारी दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं और आरोपी से जुड़े ठिकानों व अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Bundi,Bundi,Rajasthan
First Published :
October 29, 2026, 08:37 IST



