15 साल का वह खूंखार हत्यारा, जिससे कांपते थे जुर्म के बादशाह, अब हुआ दी एंड

मैक्सिको के मिचोआकान में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में 15 साल के शूटर और उसके ड्रग्स तस्कर चाचा की मौत हो गई. ड्रग्स कार्टेल की खौफनाक दुनिया से जुड़ी एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मृतक किशोर की पहचान अल्बर्टो चुचिटो निनी सैंडोवाल के रूप में हुई है. अधिकारियों का आरोप है कि इतनी कम उम्र में ही वो एक हिटमैन टीम की निगरानी करता था. सोशल मीडिया के जरिए दूसरे नाबालिगों को कार्टेल में शामिल करने की कोशिश करता था.
पुलिस के पहुंचते ही शुरू हुई गोलीबारी
मैक्सिको के सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि 30 अगस्त को सेना, नेशनल गार्ड, राज्य पुलिस और मिचोआकान अटॉर्नी जनरल कार्यालय की टीम एक खुफिया सूचना के आधार पर बर्रागान की तलाश में पहुंची थी. जैसे ही सुरक्षा बल टोकुंबो नगरपालिका के एक रैंच पर पहुंचे, वहां से गोलीबारी शुरू हो गई. मुठभेड़ के बाद सैंडोवाल और बर्रागान दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, यह साफ नहीं है कि 15 साल का सैंडोवाल खुद गोलीबारी में शामिल था या नहीं.
15 की उम्र में बना हिटमैन टीम का हिस्सा
मिचोआकान के अटॉर्नी जनरल ने बताया है कि सैंडोवाल वह एक ऐसे गिरोह के साथ काम करता था. यह गिरोह लोगों की हत्या के लिए शूटरों का इस्तेमाल करता था. बताया जाता है कि वह अपने चाचा लुइस एल आर-5 बर्रागान का निजी बॉडीगार्ड भी था. 39 साल का बर्रागान कार्टेल डे लॉस रेयेस का प्रमुख था और अमेरिका में ड्रग्स तस्करी के मामलों में वांटेड था.
सोशल मीडिया पर दिखती थी दो अलग-अलग जिंदगी
सैंडोवाल की सोशल मीडिया तस्वीरों ने उसकी कहानी को और चौंकाने वाला बना दिया. कुछ तस्वीरों में वह एक सामान्य बच्चे की तरह दिखाई देता है. वह चिवास दे ग्वाडालाहारा की फुटबॉल जर्सी पहने गेंद के साथ नजर आता है. लेकिन दूसरी तस्वीरों में उसकी जिंदगी का बिल्कुल अलग चेहरा दिखाई देता है.
कुछ तस्वीरों में वह मिलिट्री स्टाइल की टैक्टिकल ड्रेस में नजर आया. उसके हाथ में असॉल्ट राइफल थी. उसके शरीर पर दूसरी बंदूक भी दिखाई दे रही थी. कुछ अन्य तस्वीरों में भी वह हथियारों के साथ पोज देता नजर आया.
परिवारों के हाथों में चल रहा कार्टेल का कारोबार
मैक्सिको के कई बड़े ड्रग्स नेटवर्क परिवारों के बीच चलते हैं. इसकी सत्ता एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक जाती रहती है, पिता से बेटे, चाचा से भतीजे या भाइयों के बीच. यानी सैंडोवाल को दूसरे बच्चों की तरह कार्टेल में भर्ती किए जाने की जरूरत ही नहीं पड़ी. वह सीधे एक बड़े कार्टेल नेता के परिवार और उसके करीबी घेरे का हिस्सा था.
चाचा पर था 3 मिलियन डॉलर का इनाम
लुइस बर्रागान अमेरिका के लिए भी बड़ा वांटेड अपराधी था. अमेरिका ने उसके खिलाफ ड्रग्स और हथियारों से जुड़े आरोप लगाए थे. उसकी गिरफ्तारी के लिए 30 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था.
बर्रागान ने कार्टेल डे लॉस रेयेस की कमान तब संभाली थी. तब उसके पिछले नेता अल्फोंसो पोंचो ला क्विरिंगुआ फर्नांडेज को 1 अगस्त को मेक्सिको की सेना ने गिरफ्तार किया था. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, बर्रागान कार्टेल का प्रमुख शूटर भी रह चुका था.
इस पूरे मामले ने एक बार फिर ड्रग्स कार्टेल की उस खतरनाक दुनिया को सामने ला दिया है, जहां किशोर उम्र के बच्चे भी हथियार, हत्या और नशीले कारोबार के जाल में फंसते नजर आते हैं.



