Sports

150 रन और विश्व कीर्तिमान… 24 साल के बल्लेबाज ने डेब्यू वनडे में खेली सबसे बड़ी पारी

नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट ने एक बार फिर दुनिया को दिखा दिया है कि उनकी युवा प्रतिभाओं में कितना दम है. नामीबिया के खिलाफ पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका के 24 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा-हमेशा के लिए दर्ज करा लिया. इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में अपना पहला मुकाबला खेल रहे इस युवा खिलाड़ी ने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि विरोधी टीम के गेंदबाज बेबस नजर आए. हरमन ने नामीबिया के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी पहली ही पारी में शतक जड़ा और 150 रनों की विश्व रिकॉर्ड पारी खेली.

अपनी इस तूफानी शतकीय पारी के दौरान जॉर्डन हरमन (Jordan Hermann) ने केवल 126 गेंदों का सामना किया, जिसमें 17 दर्शनीय चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. मैदान के हर कोने में शॉट लगाते हुए हरमन ने न केवल नामीबियाई गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त किया, बल्कि पदार्पण वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करा लिया. दिलचस्प बात यह है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने किसी और का नहीं, बल्कि अपनी ही टीम के साथी खिलाड़ी मैथ्यू ब्रीट्ज़के के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की है.

जॉर्डन हरमन ने करियर के पहले ही वनडे में खेली विश्व रिकॉर्ड वाली पारी.

मैथ्यू ब्रीट्जके के रिकॉर्ड की बराबरीवनडे क्रिकेट का इतिहास दशकों पुराना है, लेकिन इस प्रारूप के पदार्पण मैच में 150 रनों का जादुई आंकड़ा छूना किसी भी खिलाड़ी के लिए सपने से कम नहीं होता. हरमन से पहले यह करिश्मा केवल मैथ्यू ब्रीट्जके (Matthew Breetzke) ने किया था. ब्रीट्जके ने पिछले ही साल, 10 फरवरी 2025 को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज करते हुए ओपनर के तौर पर 148 गेंदों में 150 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल थे. ब्रीट्ज़के के इस रिकॉर्ड के ठीक 19 महीने बाद जॉर्डन हरमन ने लगभग उतनी ही आक्रामकता और संयम का परिचय देते हुए 150 रन बनाए और ब्रीट्ज़के के साथ संयुक्त रूप से दुनिया के सर्वोच्च डेब्यू स्कोरर बन गए.

डेसमंड हेन्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छूटाअगर वनडे इतिहास के पन्नों को पलटकर देखें, तो पदार्पण मैच में सबसे बड़े स्कोर बनाने का रिकॉर्ड लंबे समय तक वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज डेसमंड हेन्स के नाम रहा था. हेन्स ने 22 फरवरी 1978 को सेंट जॉन्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने करियर का आगाज करते हुए 136 गेंदों में 148 रनों की यादगार पारी खेली थी, जिसमें 16 चौके और 2 छक्के शामिल थे. करीब 47 सालों तक कोई भी बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को तोड़ नहीं सका था. लेकिन साल 2025 में मैथ्यू ब्रीट्ज़के और अब 2026 में जॉर्डन हरमन ने 150-150 रन बनाकर इस दशकों पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

गुरबाज और मार्क चैपमैन की धमाकेदार शुरुआतइस फेहरिस्त में अफगानिस्तान के आक्रामक बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज का नाम भी काफी ऊपर आता है. गुरबाज ने 21 जनवरी 2021 को अबू धाबी में आयरलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू करते हुए 127 गेंदों में 127 रनों की आतिशी पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 9 लंबे छक्के जमाए थे. वहीं, हॉन्ग कॉन्ग की ओर से खेलते हुए मार्क चैपमैन ने 16 नवंबर 2015 को आईसीसीए दुबई में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ नाबाद 124 रनों (116 गेंद, 11 चौके, 2 छक्के) का शानदार योगदान दिया था.

युवा ब्रिगेड का शानदार इतिहासदक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट धरती हमेशा से ऐसे विश्वस्तरीय बल्लेबाजों को तराशती रही है. जॉर्डन हरमन और मैथ्यू ब्रीट्ज़के से पहले भी प्रोटीज बल्लेबाजों ने पदार्पण मुकाबलों में गजब का दम दिखाया है. दक्षिण अफ्रीका के कॉलिन इनग्राम ने 15 अक्टूबर 2010 को ब्लोमफोंटेन में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलते हुए अपने पहले ही वनडे में 126 गेंदों पर 124 रन (8 चौके, 2 छक्के) बनाए थे. वहीं, मौजूदा समय में टीम के प्रमुख स्तंभ टेम्बा बावुमा ने भी 25 सितंबर 2016 को बेनोनी में आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे में 123 गेंदों पर 113 रनों (13 चौके, 1 छक्का) की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी.

डेब्यू मैच में चमके दुनिया भर के दिग्गजविश्व क्रिकेट के कुछ अन्य दिग्गजों ने भी अपने पदार्पण मैचों में अमिट छाप छोड़ी है. न्यूजीलैंैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने 10 जनवरी 2009 को ऑकलैंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 122 रन (135 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के) ठोके थे. जिम्बाब्वे के पूर्व महान विकेटकीपर-बल्लेबाज एंडी फ्लावर ने 23 फरवरी 1992 को न्यू प्लीमाउथ में श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप के दौरान अपने पहले ही वनडे में नाबाद 115 रन (152 गेंद, 8 चौके, 1 छक्का) बनाए थे. इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत बल्लेबाज फिल ह्यूज ने भी 11 जनवरी 2013 को मेलबर्न में श्रीलंका के खिलाफ 129 गेंदों पर 112 रन (14 चौके) बनाकर अपने वनडे करियर का शानदार आगाज किया था.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj