2000 year old Gold Treasure: Hidden Treasure| खेत में चोरी से ले गया मेटल डिटेक्टर बीप की आवाज आते ही शख्स ने हटाई मिट्टी लगा सोने के सिक्कों का ढेर

होमदुनियाअन्य देश
खेत में चोरी से ले गया मेटल डिटेक्टर, बीप बजते ही धरती ने उगले सोने के सिक्के
Last Updated:September 20, 2026, 14:11 IST
Man Discovers 933 Gold Coins: आप जरा सोचकर देखिए कि खेत में अचानक आपके हाथ ऐसा खजाना लग जाए, जिसे गिनते-गिनते आप थक जाएं. कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक शख्स मेटल डिटेक्टर लेकर ऐसी जगह पहुंचा, जहां जाने की परमिशन तक नहीं थी. हालांकि उसे यहां पर कुछ ऐसा मिला, जिसने खुद उसे ही सदमे में डाल दिया.
मेटल डिटेक्टर लेकर शख्स ने ढूंढ लिया खजाना. (सांकेतिक तस्वीर)
कल्पना कीजिए, आप एक खेत में घूम रहे हैं और आपको सोने के एक-दो नहीं सैकड़ों सिक्के मिलने लगें. कुछ ऐसा ही हुआ एक मेटल डिटेक्टर लेकर घूम रहे शख्स के साथ, जिसे मजाक-मजाक में धरती के अंदर ऐसा खजाना मिल गया, जिसने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया. दिलचस्प बात ये है कि इसे जहां खोजा गया था, वहां मेटल डिटेक्टर ले जाने की इजाजत भी नहीं थी. अगर वहां कोई खुदाई के लिए गया ही न होता, तो शायद ये सिक्के जमीन में ही कहीं दबे रह जाते और किसी को पता भी नहीं चलता.
ये मामला ब्रिटेन के एसेक्स में का है. यहां के ग्रेट बैडो नाम के इलाके में एक शख्स अपनी जिद की वजह से मेटल डिटेक्टर को लेकर पहुंच गया और उसे एक सिक्के की तलाश में जमीन के नीचे से 933 सोने के सिक्कों का ऐसा खजाना मिला, जिसने ब्रिटेन के इतिहास और पुरातत्व की दुनिया में झंडे गाड़ दिए. आज इस खोज को ग्रेट बैडो डिस्कवरी के नाम से जाना जाता है. इसे ब्रिटेन में अब तक मिले लौह युग के सबसे बड़े सोने के सिक्कों के खजाने के रूप में जाना चाता है.
खेत में दबा था 2000 साल पुराना खजाना
यह खोज किसी बंजर नहीं बल्कि एक निजी जमीन पर हुई थी. खास बात यह है कि जिस व्यक्ति ने सिक्के खोजे, उसके पास वहां मेटल डिटेक्टर चलाने की अनुमति तक नहीं थी. ऐसे में खोज के बाद खजाने की सूचना भी शुरुआत में ट्रेजर एक्ट 1996 के तहत निर्धारित तरीके से नहीं दी गई. इसका नुकसान ये हुआ कि सिक्के जिस स्थिति और संदर्भ में जमीन के भीतर रखे गए थे, उसकी महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी किसी को पता ही नहीं चली. बावजूद इसके सिक्कों ने इतिहास के एक पुराने चैप्टर को खोलकर रख दिया.
933 सोने के सिक्के आए बाहर
कुल 933 सोने के सिक्कों में से 930 ईस्टर्न ब्रिटिश स्टेटर हैं, जिन्हें व्हाडन चेज माना जाता है. इनका निर्माण लगभग 60 से 20 ईसा पूर्व के बीच उत्तरी टेम्स में हुआ था. इसके अलावा एक क्वार्टर स्टेटर, एक महाद्वीपीय गैलो बेल्गिक ई प्रकार का सिक्का और ईस्ट एंग्लिया का नॉरफ्लॉक वुल्फ स्टेटर भी मिला. साथ में किसी पात्र या बर्तन के टुकड़े होने की संभावना वाले अवशेष भी मिले.
वैज्ञानिकों की टीम ने की जांच
खोज सामने आने के बाद विशेषज्ञों ने उस जगह की दोबारा जांच की. टीम ने वहां दोबारा खोज अभियान चलाया तो इस दौरान एक और सिक्का मिला. हालांकि कोई अन्य महत्वपूर्ण पुरातात्विक सामग्री नहीं मिली. इस खजाने की सबसे रोमांचक पहेली ये थी कि क्या सिक्कों का संबंध जूलियस सीजर से है? चूंकि ग्रेट बैडो का इलाका प्राचीन समय में ट्रिनोवेंटेस से जुड़ा माना जाता है, जबकि ज्यादातर सिक्कों का संबंध उस क्षेत्र से माना जाता है जिसे बाद में कैटुवेलोनी से जोड़ा गया. चूंकि 54 ईसा पूर्व में सीजर ने ब्रिटेन पर अपना अभियान चलाया था तो कुछ विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि उस समय पूर्वी ब्रिटेन में बड़ी संख्या में सोने के स्टेटर बनाए जाने का संबंध रोमन आक्रमण से हो सकता है.
म्यूजियम में रखे गए सिक्के
मई 2025 में म्यूजियम ऑफ चेम्सफोर्ड ने इस खजाने को £250000 के नेशनल लॉटरी हेरिटेज फंड समेत कई संस्थाओं की मदद से हासिल किया. 2026 की गर्मियों में इसे पहली बार एक विशेष प्रदर्शनी में आम लोगों के सामने रखा गया. अब इस खजाने की स्थायी प्रदर्शनी की तैयारी है, जो 2027 से होगा. करीब दो हजार साल तक मिट्टी के नीचे छिपे ये 933 सोने के सिक्के अब सिर्फ खजाना नहीं हैं बल्कि वे ब्रिटेन के लौह युग, स्थानीय शक्तियों और रोमन साम्राज्य के आगमन से ठीक पहले के उस उथल-पुथल भरे दौर की कहानी सुनाते हैं.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
September 20, 2026, 14:11 IST



