Jodhpur Road Accident: बस थोड़ी देर में पहुंचेंगे…यही थे आखिरी शब्द! मतोड़ा में भीषण सड़क हादसा, 18 की मौत

रिपोर्ट: चंद्रशेखर व्यास
जोधपुर: राजस्थान के फलोदी ज़िले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे जोधपुर शहर को शोक में डुबो दिया. श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा टकराई. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि टेंपो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 से 4 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, यह टेंपो ट्रैवलर जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि आश्रम दर्शन के लिए गई थी. दर्शन के बाद श्रद्धालु घर लौट रहे थे. रात करीब 8:30 बजे जब टेंपो ट्रैवलर मतोड़ा इलाके में पहुंची, तभी चालक ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर को नहीं देखा और तेज़ रफ़्तार बस उससे जा टकराई. हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रेलर में धंस गया.
मौके पर मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम अपनी टीम के साथ पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. घायल यात्रियों को फलोदी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया.
आख़िरी मुलाक़ात- एक तस्वीर जो अब बन गई दर्द की यादहादसे से कुछ घंटे पहले ही श्रद्धालुओं ने बीकानेर के कपिल मुनि आश्रम में दर्शन के दौरान एक ग्रुप फोटो खिंचवाया था. सभी के चेहरों पर मुस्कान थी, किसी को अंदाजा नहीं था कि यही तस्वीर उनकी आख़िरी मुलाक़ात की याद बन जाएगी.
अब वही तस्वीर जोधपुर के चांदपोल और सूरसागर माली समाज क्षेत्र में लोगों को रुला रही है. हर घर में मातम का माहौल है. सोशल मीडिया पर जब वह फोटो वायरल हुई, तो लोग लिखने लगे- “जिन्होंने साथ दर्शन किए, आज वही नहीं लौटे…”
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया. शवों को टेंपो ट्रैवलर से बाहर निकालने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल किया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.
वहीं, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी को जब यह जानकारी मिली, वे तुरंत जयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हुए. उन्होंने एमडीएम अस्पताल अधीक्षक विकास राजपुरोहित से दूरभाष पर बात कर घायलों के उपचार में कोई कमी न रहने के निर्देश दिए.
सूरसागर में पसरा सन्नाटा
यह हादसा पूरे जोधपुर के लिए एक गहरा घाव छोड़ गया है. सूरसागर, चांदपोल और माली समाज के हर घर में अब सिर्फ सन्नाटा है. जिन लोगों ने बीकानेर में कपिल मुनि के दर्शन कर खुशी जताई थी, वे अब अपनों की याद में रो रहे हैं.



