Education News: राजस्थान बोर्ड का बड़ा फैसला! अब बच्चे अपने स्कूल में नहीं दे पाएंगे बोर्ड परीक्षा!

Last Updated:November 06, 2025, 16:36 IST
Education News : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बड़ा बदलाव करते हुए अब सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी अपने ही स्कूल में बोर्ड परीक्षा देने की अनुमति खत्म कर दी है. नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों को नजदीकी दूसरे स्कूलों में परीक्षा देनी होगी. यह कदम परीक्षा में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है.
सीकर : माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान ने इस बार बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है. अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी खुद के ही स्कूल में परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी. प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी अब दूसरे स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर भेजा जाएगा. आपको बता दें कि अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को अपने ही स्कूल में परीक्षा देने की सुविधा मिलती थी.

10वीं और 12वीं के छात्र अपने विद्यालय में ही परीक्षा देते थे. लेकिन अब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की नई व्यवस्था के अनुसार अब पुरानी व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी. विद्यार्थियों को पास के किसी अन्य विद्यालय में परीक्षा देनी होगी, जिससे पारदर्शिता और अनुशासन से बोर्ड एक्जाम करवाई जा सके. बोर्ड के उप निदेशक (परीक्षा) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश भेज दिए हैं. निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि बोर्ड परीक्षा 2026 से किसी भी विद्यार्थी को अपने ही स्कूल में परीक्षा केंद्र नहीं मिलेगा.

जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव तैयार करने के बाद इन्हें केंद्रीय समिति की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा. यह बैठक अजमेर में आयोजित होगी. इसी बैठक में यह तय होगा कि किन स्कूलों के विद्यार्थियों को किस केंद्र पर भेजा जाएगा. इस दौरान इस बैठक में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. बोर्ड के अनुसार, नई व्यवस्था से परीक्षा की तैयारी पहले से बेहतर तरीके से हो सकेगी. विद्यार्थी के एडमिट कार्ड में नए परीक्षा केंद्र की जानकारी दी जाएगी.

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की योजना के अनुसार, परीक्षा केंद्र का चयन इस तरह किया जाएगा कि विद्यार्थियों को ज्यादा दूरी तय न करनी पड़े. नजदीक के ही स्कूलों को केंद्र बनाया जाएगा. इसके लिए स्थानीय परिस्थितियों और यातायात की सुविधाओं को ध्यान में रखा जा रहा है ताकि छात्रों को असुविधा न हो. अगर किसी गांव में दो से अधिक सरकारी स्कूल है उनमें बोर्ड परीक्षा के केंद्र बनाए जाएंगे.

जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय 13 नवंबर को होगा. इस दिन अजमेर में केंद्रीय समिति की बैठक होगी. इसके बाद परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार की जाएगी. इसमें विद्यार्थियों को आसान पहुंच के आधार पर इस सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा. नई व्यवस्था लागू होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को इसकी जानकारी दी जाएगी.
First Published :
November 06, 2025, 16:36 IST
homerajasthan
राजस्थान बोर्ड का बड़ा फैसला! अब अपने स्कूल में नहीं होगी परीक्षा!



