निवेश व संस्कृति पर खास कार्यक्रम

Last Updated:December 10, 2025, 21:36 IST
प्रवासी राजस्थान दिवस में देश-विदेश और भारत के विभिन्न राज्यों से उद्योग, निवेश, संस्कृति और शिक्षा जगत के दिग्गज शामिल हुए. कार्यक्रम में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक प्रस्तुत की गई, साथ ही प्रवासी राजस्थानी समुदाय के साथ आपसी संबंध मजबूत करने और प्रदेश की आर्थिक मजबूती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.
दस दिसंबर को राजस्थानी प्रवासियों के लिए जेईसीसी में दुनियाभर से आए दिग्गज उद्योगपतियों और शिक्षाविदों सहित तमाम प्रवासी मेहमानों की शिरकत और चर्चाओं के साथ राजस्थान प्रवासी दिवस का यह संगम कार्यक्रम सम्पन्न हुआ. इस बार राजस्थानी प्रवासियों के लिए राजस्थान को ‘पॉसिबिलिटी स्टेट’ के रूप में देखते हुए, प्रदेश को आर्थिक मजबूती देने के लिए करोड़ों रुपए के निवेश और एमओयू हुए.

प्रवासी राजस्थान दिवस के लिए ख़ासतौर पर जेईसीसी को राजस्थान के हेरिटेज लुक में सजाया गया, जिससे आने वाले प्रवासियों को राजस्थान की हवेली, हेरिटेज साइट और यहां हो रहे डेवलपमेंट की झलक देखने को मिली. प्रवासी राजस्थान दिवस का समापन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें घूमर और कालबेलिया जैसे पारंपरिक राजस्थानी नृत्य और राजस्थान के जाने-माने कलाकारों का एक फ्यूज़न परफॉर्मेंस भी प्रस्तुत किया गया.

राजस्थान प्रवासी दिवस के इस कार्यक्रम में राज्य की संस्कृति, निवेश और प्रवासी समाज के महत्व को दर्शाया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सहित देश के कई दिग्गज उद्योगपति एवं गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए. इनमें खासतौर पर राजस्थान के बिजनेस टायकून अनिल अग्रवाल, हरि मोहन बांगड़, दीपाली गोयनका, माधव सिंघानिया, प्रिया अग्रवाल, अंजलि सिंह, उमेश चौधरी, संजय अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल और अनिल गुप्ता जैसी कई दिग्गज हस्तियां शामिल रही.
Add as Preferred Source on Google

इस कार्यक्रम में खासतौर पर राजस्थानी प्रवासी स्टार्टअप, पर्यटन, संस्कृति, रियल एस्टेट, इंपोर्ट-एक्सपोर्ट, रिन्यूएबल एनर्जी, शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, जल संसाधन और माइनिंग जैसी तमाम संभावनाओं की तलाश में पहुंचे. कार्यक्रम में हजारों लोगों के लिए भारी पुलिस जाब्ता के साथ हाई सिक्योरिटी व्यवस्था भी मौजूद रही. इसके अलावा, प्रवासी राजस्थानी मेहमानों के लिए अलग-अलग एंट्री गेट तैयार किए गए थे, जिससे लोगों को सुव्यवस्थित रूप से प्रवेश दिया.

जेईसीस केंद्र में पूरे कार्यक्रम के लिए केंद्र को राजस्थान हेरिटेज रूप में सजाया गया. प्रवासियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर खास सेल्फी स्थलों की व्यवस्था की गई, जहाँ लोगों ने भरपूर फोटोग्राफी की. इसके अलावा, जेईसीसी केंद्र को अंदर और बाहर विशेष चित्रों से सजाया गया, जिसमें राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिली.

प्रवासी राजस्थान दिवस कार्यक्रम के लिए खासतौर पर ‘प्रगति पथ’ प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की झलक दिखाई दी. साथ ही, प्रवासी राजस्थानी मेहमानों के लिए पहली बार ‘एक जिला एक उत्पाद’ की प्रदर्शनी की झलक देखने को मिली, जिसमें राजस्थान के प्रत्येक क्षेत्र की वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया.

प्रवासी राजस्थान दिवस के मौके पर कार्यक्रम के दौरान प्रवासी राजस्थानी नीति लागू की गई. इस नीति के माध्यम से प्रवासी राजस्थानी भाई-बहनों को पहचान, सम्मान, सुविधाएँ, आसान निवेश के अवसर और मातृभूमि के विकास में हिस्सा लेने का अवसर दिया गया, जिससे प्रवासी समुदाय का स्वागत और प्रदेश की आर्थिक मजबूती सुनिश्चित की जा सके. इस प्रमुख समारोह का उद्देश्य देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बसे प्रवासी राजस्थानियों के साथ आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के साथ सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर में पहुँचाने में उनके शानदार योगदान का उत्सव मनाना था.

प्रवासी राजस्थान में देश, दुनिया और भारत के विभिन्न राज्यों और शहरों से प्रवासी मुख्य रूप से पहुंचे, जिनमें उद्योग और कारोबार जगत के दिग्गज, विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ, निवेशक, सांस्कृतिक जगत की हस्तियां और प्रवासी राजस्थानी समुदाय के कई विशिष्ट व्यक्ति शामिल थे. कार्यक्रम में दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे शहरों से भी लोग पहुंचे.
First Published :
December 10, 2025, 21:36 IST
homerajasthan
जयपुर जेईसीसी सेंटर पर सम्पन्न हुआ प्रवासी राजस्थान दिवस, पढ़िए पूरी खबर



