पुराने टूथब्रश का घरेलू सफाई में इस्तेमाल और बचत के उपाय

Last Updated:December 14, 2025, 21:20 IST
क्या आप जानते हैं कि आपका पुराना टूथब्रश सिर्फ फेंकने लायक नहीं है? यह छोटे-छोटे ब्रिसल्स वाला ब्रश घर, किचन, बाथरूम, जूते और यहां तक कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सफाई में चमत्कार कर सकता है. थोड़ी सी समझदारी से इसे दोबारा इस्तेमाल करना न केवल सफाई आसान बनाता है, बल्कि पैसे बचाता है और पर्यावरण की रक्षा में भी मदद करता है.
आमतौर पर देखा जाता है कि सुबह की शुरुआत में सबसे पहले अगर किसी चीज़ की जरूरत पड़ती है, तो वह टूथब्रश होती है. घर में इस्तेमाल होने वाला टूथब्रश जब पुराना हो जाता है और दांत साफ करने लायक नहीं रहता, तो लोग उसे अक्सर कचरे में फेंक देते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पुराना टूथब्रश कई घरेलू कामों में बेहद उपयोगी हो सकता है. इसकी बनावट और मजबूत ब्रिसल्स सफाई और छोटे कामों के लिए काफी मददगार होती हैं. अगर इसे सही तरीके से दोबारा इस्तेमाल किया जाए, तो यह घर की साफ-सफाई में सहायक हो सकता है. इससे न केवल पैसे की बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है, थोड़ी सी समझदारी से पुराना टूथब्रश एक उपयोगी घरेलू उपकरण बन सकता है.

पुराने टूथब्रश का सबसे अधिक उपयोग बाथरूम और किचन की सफाई में किया जा सकता है. टाइल्स के बीच की दरारें, नल के आसपास जमी गंदगी और सिंक के कोनों तक पहुंचना आम कपड़े से मुश्किल होता है. ऐसे में टूथब्रश बेहद कारगर साबित होता है, इसके ब्रिसल्स छोटी जगहों तक आसानी से पहुंच जाते हैं और जमी हुई मैल को हटाने में मदद करते हैं. बाथरूम की फर्श, टॉयलेट सीट के किनारे और नलों की जाली साफ करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है, इससे सफाई बेहतर और गहराई से होती है.

जूते और चप्पलों की सफाई के लिए भी पुराना टूथब्रश बहुत उपयोगी होता है, खासकर स्पोर्ट्स शूज, सैंडल और चप्पलों के किनारों में जमी मिट्टी और धूल हटाने में यह मदद करता है. साबुन या डिटर्जेंट के साथ इस्तेमाल करने पर जूते नए जैसे साफ दिखाई देते हैं. इसके अलावा, बेल्ट, घड़ी की पट्टी और बैग के छोटे हिस्सों की सफाई में भी टूथब्रश कारगर है. कपड़ों के बटन या कॉलर के पास जमी गंदगी साफ करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
Add as Preferred Source on Google

आज के डिजिटल दौर में मोबाइल, रिमोट और कीबोर्ड जैसी चीजों की सफाई जरूरी हो गई है. मोबाइल के चार्जिंग पोर्ट, स्पीकर ग्रिल और कीबोर्ड की चाबियों के बीच धूल जम जाती है, जिसे साफ करना आसान नहीं होता. ऐसे में पुराना टूथब्रश एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है. हल्के हाथ से ब्रश करने पर बिना नुकसान पहुंचाए धूल और गंदगी हटाई जा सकती है. गैस चूल्हे के नोजल, रेफ्रिजरेटर की रबर सील और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कोनों की सफाई में भी यह काफी मददगार होता है.

गार्डनिंग करने वालों के लिए भी पुराना टूथब्रश काफी उपयोगी साबित होता है, पौधों की जड़ों के आसपास जमी मिट्टी हटाने, गमलों के किनारे साफ करने और पत्तियों पर जमी धूल हटाने में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा, बीज बोने से पहले मिट्टी को हल्का साफ करने या छोटे पौधों की नाजुक जगहों से कीड़े हटाने में भी टूथब्रश काम आता है. पेंटिंग, आर्ट और क्राफ्ट के शौक रखने वालों के लिए भी यह छोटे डिजाइन और टेक्सचर बनाने में उपयोगी होता है.

पुराने टूथब्रश का दोबारा इस्तेमाल करना एक छोटी लेकिन अच्छी आदत है, जो पर्यावरण के लिए फायदेमंद है. इससे प्लास्टिक कचरा कम होता है और रोजमर्रा के काम आसान बन जाते हैं, जरूरी है कि इस्तेमाल से पहले ब्रश को अच्छी तरह साफ कर लिया जाए और इसे केवल सफाई या घरेलू कामों के लिए ही रखा जाए. इस तरह की छोटी पहल से न सिर्फ घर की सफाई बेहतर होती है, बल्कि संसाधनों का सही उपयोग भी होता है. इसलिए, अगली बार जब टूथब्रश पुराना हो जाए, तो उसे फेंकने से पहले उसके नए उपयोग जरूर सोचें.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 14, 2025, 21:20 IST
homelifestyle
पुराना टूथब्रश को ऐसे करें घर, किचन और गार्डन की सफाई के लिए इस्तेमाल



