राजस्थान का मौसम: कड़ाके की सर्दी से कांपा राजस्थान, उड़ानें-ट्रेनें प्रभावित, 31 दिसंबर को बारिश के आसार

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी ने अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है और नए साल 2026 पर बारिश की संभावना भी जताई जा रही है. उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सोमवार को कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मिलजुला असर देखने को मिला. जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे, वहीं सर्द हवाएं तेज बनी रहीं. हनुमानगढ़, करौली, माउंट आबू, फतेहपुर (सीकर) समेत कई क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी के चलते ओस की बूंदें जम गईं और पाला पड़ना शुरू हो गया है. इसके कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया.
इसके अलावा, कोहरे के कारण सोमवार को दूसरे शहरों से दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली 4 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया. जयपुर से चंडीगढ़ की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी. वहीं, जयपुर से गुवाहाटी की फ्लाइट ने निर्धारित समय से करीब पौने दो घंटे की देरी से उड़ान भरी. इसके अलावा कोहरे के कारण राजस्थान से चलने वाली 8 ट्रेन लेट हुई हैं. मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा. तापमान की बात करें राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दर्ज प्रेक्षण के अनुसार राज्य में आर्द्रता की औसत मात्रा 40 से 85 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गयी.
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 25.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 25.4 डिग्री, अलवर में 19.0 डिग्री, जयपुर में 25.1 डिग्री, पिलानी में 25.2 डिग्री, सीकर में 25.0 डिग्री, कोटा में 24.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 27.2 डिग्री, बाड़मेर में 29.4 डिग्री, जैसलमेर में 28.2 डिग्री, जोधपुर में 28.2 डिग्री, माउंट आबू में 19.6 डिग्री, बीकानेर में 27.5 डिग्री, चूरू में 25.9 डिग्री, श्री गंगानगर में 23.0 डिग्री, डूंगरपुर में 26.4 डिग्री, जालौर में 27.8 डिग्री, सिरोही में 21.4 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 26.3 डिग्री, करौली में 18.5 डिग्री, दौसा में 26.3 डिग्री और झुंझुनूं में 24.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम दर्ज किया गया.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 9.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 9.0 डिग्री, अलवर में 4.8 डिग्री, जयपुर में 9.3 डिग्री, पिलानी में 6.0 डिग्री, सीकर में 5.0 डिग्री, कोटा में 8.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 8.8 डिग्री, बाड़मेर में 12.6 डिग्री, जैसलमेर में 10.4 डिग्री, जोधपुर में 11.5 डिग्री, माउंट आबू में 5.1 डिग्री, बीकानेर में 12.8 डिग्री, चूरू में 6.3 डिग्री, श्री गंगानगर में 8.9 डिग्री, डूंगरपुर में 11.4 डिग्री, जालौर में 7.6 डिग्री, सिरोही में 7.3 डिग्री, सीकर के फतेहपुर में 3.5 डिग्री, करौली में 6.8 डिग्री, दौसा में 4.5 डिग्री और झुंझुनूं में 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
मध्यम कोहरे के छाए रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इसके प्रभाव से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या मावठ की संभावना है. 31 दिसंबर को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों में बादल छाए रह सकते हैं तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 1 जनवरी को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और अलवर जिलों में बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 2 जनवरी से मौसम के पुनः शुष्क रहने की उम्मीद है. वहीं जनवरी के पहले सप्ताह में राज्य के उत्तरी और पश्चिमी भागों में घना कोहरा छाने की संभावना है.



