Ajab-Gajab: एग्जॉस्ट फैन में फंसा चोरी करने आया चोर, घुटने लगी सांसें, मौके पर पहुंची पुलिस, जानें फिर क्या हुआ

Last Updated:January 06, 2026, 09:49 IST
Kota Ajab-Gajab News: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की नीयत से घर में घुसा एक चोर बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन के छोटे से होल में फंस गया. करीब एक घंटे तक उसकी सांसें अटकी रहीं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दीवार तोड़कर उसे बाहर निकाला. हैरानी की बात यह रही कि चोर पुलिस स्टीकर लगी कार से वारदात करने पहुंचा था. घटना इलाके में चर्चा और मजाक का विषय बन गई.
ख़बरें फटाफट
कोटा में चोरी की नीयत से घर में घुसा चोर बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन के छोटे से होल में फंसा
कोटा. राजस्थान के कोटा जिला स्थित बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर में उस समय अजीबोगरीब घटना घटी, जब चोरी करने आया एक चोर एग्जास्ट फैन के छोटे से होल में फंस गया. चोर की सांसें एक घंटे से अधिक समय तक अटकी रहीं और वह न तो आगे बढ़ पाया और न ही पीछे निकल सका. पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चोर को बाहर निकाला.घटना सोमवार देर रात की है. चोर चोरी की नीयत से प्रताप नगर स्थित एक मकान में घुसा. मकान के लोग बाहर गए हुए थे.
चोर ने मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश की लेकिन असफल रहा. इसके बाद उसने बाथरूम की दीवार में लगे एग्जास्ट फैन के होल से अंदर घुसने का प्लान बनाया. एग्जास्ट फैन का होल काफी छोटा था लेकिन चोर ने किसी तरह अपना सिर और ऊपरी धड़ अंदर कर लिया. हालांकि आगे का हिस्सा फंस गया और वह दीवार के बीचोंबीच लटक गया.
एक घंटे की मशक्कत के बाद चोर को निकाला गया बाहर
चोर ने काफी कोशिश की लेकिन निकल नहीं सका. उसकी सांसें फूलने लगीं और दम घुटने की स्थिति बन गई. आस-पास के लोगों को शोर सुनाई दिया तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. बोरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची तो चोर दीवार में फंसा हुआ था. उसकी टांगें बाहर की तरफ लटक रही थीं जबकि सिर और धड़ अंदर की ओर था. पुलिस ने सबसे पहले चोर को शांत कराया और सांस लेने की व्यवस्था की. इसके बाद दीवार तोड़ने का काम शुरू किया. कड़ी मशक्कत और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद चोर को सुरक्षित बाहर निकाला गया. चोर के बाहर निकलते ही राहत की सांस ली गई क्योंकि उसकी हालत गंभीर हो रही थी.
पुलिस की स्टीकर लगी एक कार लेकर पहुंचा था चोर
आश्चर्य की बात यह है कि चोर चोरी करने पुलिस की स्टीकर लगी एक कार लेकर पहुंचा था. पुलिस को शक है कि यह कार पहले किसी चोरी की वारदात में इस्तेमाल हुई होगी या फिर नकली स्टीकर लगाकर चोर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था. कार को जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने कई चोरी की वारदातें कबूल की है. थाना प्रभारी ने बताया कि चोर पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग चोर की इस हरकत पर हंस भी रहे हैं.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
First Published :
January 06, 2026, 09:49 IST
homeajab-gajab
एग्जॉस्ट फैन में फंसा चोरी करने आया चोर, घुटने लगी सांसें, जानें फिर क्या हुआ



