जयपुर में मसालों का महाकुंभ, 100+ स्टॉल्स पर देशभर के शुद्ध मसाले, सस्ती खरीदारी का है सबसे बड़ा मौका

जयपुर : हर साल की तरह जयपुर में इस बार भी जयपुर के जवाहर कला केंद्र में राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ के संयुक्त तत्वाधान 23वें राष्ट्रीय सहकार मसाला मेले का आयोजन किया गया है, जहां राजस्थान सहित देश के कौन-कौन से मसाला व्यापारी अपने बेहतरीन मसालों को लेकर जयपुर पहुंचे हैं. यह खास मसाला मेला जयपुर में पिछले 23 वर्षों से आयोजित हो रहा है जो साल में सिर्फ एक बार लगता है. जहां लोगों को शुद्ध मासाले खरीदने का मौका मिलता है. राष्ट्रीय मसाला मेले में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के बेहतरीन मसाले, ड्राइफ्रूट्स, नमकीन, अचार, चटपटे आइटम, स्नेक्स जैसे प्रोडक्ट्स हैं जिन्हें खरीदने के लिए अभी यहां लोगों की जमकर भीड़ उमड़ रही है.
मेले में बेहतरीन मसालों की खरीदारी के लिए 100 से भी अधिक स्टॉल्स सजी हैं. राष्ट्रीय मसाला मेले में हर साल की तरह मसालों के व्यापारी अपने राज्यों और जिलों से लोग उन खास मसालों को लेकर पहुंचे हैं जिनके शुद्धता और स्वाद को लोग सबसे ज्यादा पंसद करते हैं, राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है जो उपभोक्ताओं को शुद्ध मसाले उपलब्ध कराने राष्ट्रीय सहकार मेले का आयोजन करता है, जहां लोग करोड़ों रुपए के मसालों की हर साल खरीदारी करते हैं ऐसे ही इस साल भी लोग जमकर मसालों की खरीदारी करने के लिए यहां दूर-दूर से पहुंच रहें हैं.
एक ही छत के नीचे सैकड़ों प्रकार के शुद्ध मसालों की खरीदारी आपको बता दें राष्ट्रीय सहकार फेयर में लोगों एक ही जगह से सैंकड़ों प्रकार के शुद्ध मसाले बिल्कुल सस्ती कीमत में खरीद सकते हैं मेले में केरल की काली मिर्च से लेकर तमिलनाडु की हल्दी, दालचीनी, आंध्र प्रदेश की फेमस लाल मिर्च और अफगानिस्तान के फेमस ड्राइफ्रूट्स से लेकर कश्मीर का केसर तक एक ही छत के नीचे लोगों के लिए उपलब्ध हैं. साथ ही भारत के अलग-अलग राज्यों के अलावा राजस्थान के स्थानीय उत्पादों में मथानिया की मिर्च, माधोपुर की मिर्च, नागौर का जीरा, सिरोही की सौंफ, प्रतापगढ़ की हींग और धनिया, हल्दी जीरा, सौंफ, हींग, ईलायची, काली़ मिर्च जैसे सभी प्रकार मसालों के अलावा बीकानेर की नमकीन, पापड़ और अचार भी खरीद सकते हैं, राष्ट्रीय सहकार मसाला मेले में लोग सबसे ज्यादा मसाले की खरीदारी करते हैं जिसका प्रमुख कारण यह भी है, यहां के मसाले चाहे खड़े मसाले हो या पीसे हुए इनमें 100% की शुद्धता होती है, इसलिए बाजारों के मिलावटी मसालों के बजाए लोग यहां के शुद्ध मसालों पर ज्यादा भरोसा रखते हैं और मेले का सालभर इंतजार करते हैं.
26 अप्रैल तक चलेगा राष्ट्रीय मसाला फेयरजवाहर कला केंद्र में चल रहा राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला 26 अप्रैल तक आयोजित होगा, जहां लोग सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खरीदारी कर सकते हैं, फेयर में बहुत बेहतरीन मसालों के अलावा जैम, शर्बत, ठण्डाई, माउथ फ्रेशनर, कैंडी, मुम्बईया सौंफ, बनारसी पान, इत्र, ऑर्गेनिक अगरबत्ती, मेहंदी, सूखी सब्जियां, रेडी टू ईट प्रोडक्ट्स, किचन वीयर, हैंडीक्राफ्ट्स, सजावटी सामान, सौन्दर्य उत्पाद, हैल्थ प्रोडक्ट्स भी उपलब्ध हैं. जिनकी लोगों में खूब डिमांड रहती है. साथ ही राष्ट्रीय मसाला मेले में हर साल की तरह इस साल भी मेले में खरीदारी करने वाले लोगों के लिए प्रतिदिन लक्की ड्रॉ और समापन पर मेगा बम्पर ड्रॉ के रूप में इनाम दिया जाएगा. आपको बता दें इस मेले में लोगों की एंट्री बिल्कुल फ्री है और यहां लोग रात के समय खरीदारी के साथ प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी देख सकते हैं मेले में लोगों के लिए पार्किंग से लेकर अन्य सुविधाएं भी मौजूद हैं.



