बड़े पर्दे पर आखिरी बार दिखेंगे थलापति विजय, जानिए कब दस्तक देगी ‘जन नायकन’? 10 दिन बाद थिएटर्स में मचेगी धूम

Last Updated:April 28, 2026, 11:29 IST
साउथ सुपरस्टार थलापति विजय के चाहने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. उनके करियर की आखिरी और सबसे चर्चित फिल्म जन नायकन की रिलीज का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है. सेंसर बोर्ड के साथ चली लंबी जद्दोजहद के बाद इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा की नई तारीख पर मुहर लग चुकी है. हालांकि, मेकर्स ने अभी ऑफिशियली कन्फर्म नहीं किया है. लेकिन अब से ठीक 10 दिन बाद यह फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिसे लेकर बॉक्स ऑफिस पर अभी से भारी हलचल शुरू हो गई है.
नई दिल्ली. साउथ सुपरस्टार थलापति विजय के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. उनके करियर की आखिरी फिल्म जन नायकन आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. सेंसर बोर्ड के साथ लंबी खींचतान और कानूनी अड़चनों के बाद इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा की रिलीज डेट फाइनल कर ली गई है.
पिंकविला के मुताबिक, यह पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म 8 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है, लेकिन चर्चा है कि जल्द ही इसका बड़ा ऐलान किया जाएगा. थलापति विजय की विदाई फिल्म होने के नाते दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है.
केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘जन नायकन’ पिछले काफी समय से सुर्खियों में बनी हुई है. इसकी चर्चा सिर्फ बड़े बजट की वजह से नहीं है, बल्कि इसलिए भी है क्योंकि यह फिल्म थलापति विजय के एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म होने वाली है. इसके बाद वह पूरी तरह से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं.
Add as Preferred Source on Google
हैरान करने वाली बात यह है कि कुछ दिनों पहले यह फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिसे फिल्म की कमाई के लिहाज से एक बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि, विजय की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और उनकी आखिरी फिल्म होने की वजह से फैंस के बीच जो इमोशनल जुड़ाव है, उसे देखते हुए उम्मीद यही है कि ‘जन नायकन’ बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग के सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी.
थलापति विजय की इस विदाई फिल्म के साथ फैंस का जो इमोशनल जुड़ाव है, वह सिनेमाघरों में भीड़ जुटाने की सबसे बड़ी वजह बनेगा. माना जा रहा है कि फिल्म को लेकर शुरुआती कुछ दिनों में जबरदस्त फुटफॉल देखने को मिलेगा. भले ही फिल्म को लेकर दर्शकों की राय मिली-जुली रहे, लेकिन विजय को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने की उत्सुकता ही फैंस को खींच लाएगी. अगर फिल्म को पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला, तो यह तमिलनाडु के बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है.
दिलचस्प बात यह है कि ‘जन नायकन’ तमिलनाडु चुनाव के नतीजों के बाद रिलीज होगी. ऐसे में थलापति विजय का राजनीतिक सफर और चुनाव में उनकी पार्टी का प्रदर्शन भी फिल्म की सफलता पर बड़ा असर डाल सकता है. सिनेमा से राजनीति के इस बड़े बदलाव के बीच फिल्म की रिलीज की टाइमिंग इसे और भी खास बना देती है.
एच विनोद के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ में थलापति विजय एक पूर्व पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आने वाले हैं. फिल्म में विलेन के तौर पर बॉबी देओल का दमदार अंदाज देखने को मिलेगा, जबकि पूजा हेगड़े लीड हीरोइन के रूप में दिखाई देंगी. फिल्म की स्टार कास्ट काफी तगड़ी है, जिसमें ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, प्रियामणि और नरेन जैसे सितारे अहम किरदारों में शामिल हैं.
बताते चलें कि ‘जन नायकन’ पहले पोंगल 2026 के मौके पर रिलीज होने वाली थी. खबर थी कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग कर ली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड की आपत्तियों के चलते मेकर्स को इसकी रिलीज टालनी पड़ी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
April 28, 2026, 11:29 IST



