Sports

बुमराह एंड कंपनी के सामने बैटिंग बुल्डोजर्स को रोकने की चुनौती, एक और हार कर देगी मुंबई इंडियंस के रास्ते बंद

नई दिल्ली.  IPL 2026 में मुंबई इंडियंस को अपनी किस्मत बदलनी है तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को आईपीएल के अहम मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. मुंबई ने पहले सात मैचों में पांच हारकर सिर्फ चार अंक लिए हैं और वह नौवें नंबर पर है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 103 रन से मिली हार से उसका नेट रन रेट भी खराब हो गया है.

मुंबई टीम की चिंता है कि टी20 विश्व कप विजेता टीम के चार खिलाड़ियों में शामिल कप्तान हार्दिक पंड्या (तीन विकेट और 97 रन) और सूर्यकुमार यादव (110) का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. तिलक वर्मा के गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल में पहला शतक लगाने से मुंबई ने लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला तोड़ा था, लेकिन चेन्नई से मिली करारी हार ने फिर से उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

बेरंग बुमराह बने बोझ!

मुंबई के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, वह अभी तक सिर्फ दो विकेट ले पाए हैं. बुमराह बीच के ओवर और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते रहे हैं, लेकिन पिछले दो मैचों में उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत की क्योंकि बाकी गेंदबाज मुंबई को अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए. ट्रेंट बोल्ट (एक विकेट) और दीपक चाहर (एक) भी अपने आक्रामक तेवर नहीं दिखा पाए हैं. मुंबई के गेंदबाजों के असफल होने से विरोधी टीमों ने पावरप्ले में नियंत्रण बनाया है, जिससे मुंबई को नुकसान हुआ है.

रोहित से टीम को आस 

रोहित शर्मा की अनुपस्थिति से टीम में खालीपन सा आ गया है. उनकी जगह ओपनिंग करने आए दानिश मालेवार (2 और 0) उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं. अब देखना है कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबरकर पूरी तरह फिट हो पाए हैं या नहीं. चोटिल मिचेल सैंटनर की जगह केशव महाराज को टीम में शामिल किया गया है, अब देखना है कि विल जैक्स को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं. जैक्स ने टी20 विश्व कप में ऐसी ही परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन किया था.

वानखेड़े पर रन बरसाने को तैयार टॉप-4

सनराइजर्स को पता है कि मुंबई अपनी हार का सिलसिला तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा, इसलिए उसकी उम्मीद बल्लेबाजों पर रहेगी जो वानखेड़े स्टेडियम की बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. सनराइजर्स ने पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को हराया था. अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन अब फॉर्म में लौट आए हैं और इसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे. उन्होंने अब तक 212.29 के स्ट्राइक रेट और 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. ईशान किशन (312) और हेनरिक क्लासेन (349) ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन ट्रैविस हेड (186) से टीम को और उम्मीदें होंगी, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.

कप्तान पैट कमिंस की वापसी से सनराइजर्स का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है. मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को उनसे सतर्क रहना होगा. सनराइजर्स की टीम अभी अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है.

टीम इस प्रकार है: मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक, मयंक रावत, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, कृष भगत, एएम गजनफर, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा.

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, रविचंद्रन अश्विन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, शिवम मावी, शिवांग कुमार, अमित कुमार, गेराल्ड कोएत्ज़ी, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, ओंकार तरनाले, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj