राजस्थान की राजनीति के ये 4 चेहरे बने हुए हैं सुर्खियों में, जानें सचिन पायलट के अलावा 3 और कौन हैं, क्या है वजह?

Last Updated:April 30, 2026, 16:24 IST
Rajasthan Politics : राजस्थान की राजनीति में इन दिनों चार दिग्गज चेहरे सुर्खियों में बने हुए हैं. इनमें सूबे के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ और राजस्थान बीजेपी प्रभारी राधा मोहनदास अग्रवाल छाए हुए हैं. इन सबकी वजह है सचिन पायलट. पायलट को लेकर चल रही बयानबाजी के फेर में एक दूसरे पर तंज कसने और एक दूसरे को घेरने का जबर्दस्त दौर चल रहा है. जानें कौन क्या कह रहा है?
राजस्थान में वर्तमान में सचिन पायलट राजनीति का केन्द्र बिन्दु बने हुए हैं.
जयपुर. राजनीति भी बड़ी अजीब चीज है. इसमें मौके और शब्दों की बड़ी अहमियत है. कौन किस मौके पर क्या कह रहा है? क्यों कह रहा है? किन शब्दों का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा है? किस के बहाने किसको शिकार बनाया जा रहा है? किस को उलझाया जा रहा है और किसको बचाया जा रहा है? इन सबके अलग-अलग अर्थ निकाले जाते हैं. सियासी गलियारों में अलग और सोशल मीडिया में अलग. राजनीति में क्रिया की प्रतिक्रिया लगभग आवश्यक सी है. दिग्गज नेता के एक बयान से सियासी गलियारों में तूफान भी आ जाता है वहीं एक बयान से खामोशी भी छा जाती है. फर्क यह है बोलने वाला कौन है और किसके बारे में बोला जा रहा है. यह पूरी तरह से इंटेलीजेंसी का गेम है.
राजस्थान की राजनीति में इन दिनों जो किरदार सबसे ज्यादा छाया हुआ है वह है कांग्रेस के दिग्गज नेता और सूबे के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट. इसके पीछे कई गहरे राज छिपे हैं. पायलट को निशाना भी बनाया जा रहा है और उनकी तारीफ कर उन्हें बचाया भी जा रहा है. बयानों की इस धमाचौकड़ी में पायलट मौन साधे हुए हैं. वे बस बयानों को सुन रहे लेकिन कुछ भी रिएक्ट नहीं कर रहे हैं. उनकी चुप्पी के बावजूद पूरी बयानबाजी उनके नाम पर हो रही है. यह बयानबाजी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय होने के साथ ही सोशल मीडिया पर चकल्लस बनी हुई है. सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पायलट को लेकर हो रही बयानबाजी और प्रतिक्रियाओं से भरे हैं. पायलट को लेकर यह बयानबाजी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन के दौरे से जबर्दस्त तेज हो गई.
बीजेपी अध्यक्ष के दौरे से शुरू हुआ बयानबाजी का दौर
नीतिन नवीन बीजेपी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद हाल ही में राजस्थान आए थे. उनका पहला कार्यक्रम राजस्थान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट के निर्वाचन क्षेत्र टोंक में हुआ था. बस यहीं से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पायलट फिर से जबर्दस्त चर्चा में आ गए. चर्चा में आने का कारण था राजस्थान बीजेपी के प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल का बयान. उनके बयान के बाद पूर्व सीएम अशोक गहलोत का बयान आया. फिर मदन राठौड़ भी बयानबाजी के इस दौर में शामिल हो गए. किसी ने पायलट पर निशाना साधा तो किसी ने उनकी पैरवी की. खास बात यह है कि पायलट की पैरवी भी बीजेपी ने की.
अग्रवाल के बयान से भड़की बयानों की आग
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने टोंक में सचिन पायलट पर तंज करते हुए कहा था टोंक विधायक बहुरूपिया हैं. उनकी एक टांग कांग्रेस में रहती और एक जाने कहां रहती है. बस अग्रवाल के इस बयान ने राजस्थान की राजनीति में खलबली मचा दी. उसके बाद पायलट को लेकर कांग्रेस एकजुट भले ही दिखी लेकिन गहलोत ने अपनी बात उन पर तंज कसते हुए ही कही. गहलोत ने कहा कि सचिन पायलट की दोनों टांगे कांग्रेस में हैं. पायलट अब पूरी तरह से कांग्रेस के साथ हैं. गहलोत ने मानेसर प्रकरण की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उम्मीद है कि अब वे कभी कांग्रेस छोड़ने के बारे में नहीं सोचेंगे. गहलोत ने जोर देकर कहा कि वे अब इस बात को समझ भी चुके हैं और संभल भी गए हैं.
गहलोत आज भी सचिन पायलट को बच्चा समझते हैंउसके बाद मामला यहीं पर खत्म नहीं हुआ और राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी के प्रभारी अग्रवाल का बचाव करते हुए पायलट की पैरवी कर डाली. राठौड़ ने कहा कि गहलोत आज भी सचिन पायलट को बच्चा समझते हैं. लेकिन नकारा निकम्मा कहे जाने की चुभन पायलट के मन हमेशा रहेगी. राठौड़ ने कहा कि प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने उनको बहु रूप कहा था वे सौम्य हैं. सुंदर हैं. उनका एक रूप तो यह है. लेकिन कभी गहलोत ने उनके पिताजी का अपमान किया था तो रौद्र रूप भी दिखाया था. उन्होंने बहुरुपिये शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि समझ-समझ का फेर है. बहरहाल पायलट राजस्थान की राजनीति के केन्द्र बिन्दु में बने हुए हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता अग्रवाल के बयान के खिलाफ जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पायलट के जयकारे लगा रहे हैं.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
April 30, 2026, 16:18 IST



