1 हादसे ने छीन ली ‘खलनायक’, भाई-मां के निधन से लगा ऐसा सदमा, एक्टिंग छोड़ रेस्टोरेंट में करने लगी थी काम

Last Updated:May 11, 2026, 05:01 IST
अगर आपने ‘राम लखन’ देखी है, तो आप उस खूबसूरत हसीना से वाकिफ होंगे, जिसने ‘विविया’ का रोल निभाया था. उनका फिल्मी सफर बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा. उन्होंने बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड में पहचान बनाई और सुभाष घई की तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया. हालांकि, 1992 में हुए एक भीषण कार एक्सीडेंट ने उनके करियर की रफ्तार रोक दी, जिससे उनके हाथ से ‘खलनायक’ जैसी बड़ी फिल्म निकल गई. उन्होंने निजी जीवन में भी भाई और मां को खोया, जिसके बाद वह रेस्टोरेंट में काम करने लगीं. उन्होंने 40 की उम्र के बाद बिल्डर मितेश रुघानी से शादी की. आज वह अपनी सौतन के साथ खुशहाल जीवन जी रही हैं.
नई दिल्ली: क्या आपको ‘राम लखन’ की वो नीली आंखों वाली ‘विविया’ याद है? हम बात कर रहे हैं सोनिका गिल की. दिल्ली की रहने वाली और क्लासिकल डांस में माहिर सोनिका का बॉलीवुड में कोई गॉडफादर नहीं था. उन्होंने लगभग दस साल तक छोटे-मोटे रोल करके अपनी जगह बनाई, तब कहीं जाकर सुभाष घई की ब्लॉकबस्टर फिल्म में उन्हें बड़ा ब्रेक मिला. (फोटो साभार: Instagram@officialsonikagill)
सोनिका गिल की फिल्मी शुरुआत स्ट्रगल भरी रही. दिल्ली में स्कूल के दिनों में वो सोनू निगम के साथ स्टेज परफॉर्मेंस दिया करती थीं. मुंबई आने के बाद उन्होंने ‘नजराना प्यार का’ और ‘आज की आवाज’ जैसी फिल्मों में काम किया. उनकी किस्मत तब पलटी जब सुभाष घई ने उन्हें देखा. उस वक्त संगीता बिजलानी और सोनू वालिया जैसी बड़ी हीरोइनें लाइन में थीं, लेकिन घई साहब ने सोनिका की काबिलियत पर भरोसा जताया और उन्हें तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट दे दिया. (फोटो साभार: Instagram@officialsonikagill)
हैरानी की बात यह है कि उस दौर में सोनिका के खिलाफ काफी गलत अफवाहें फैलाई गई थीं. लोग कहते थे कि वो सेट पर शराब पीती हैं और सिगरेट फूंकती हैं. 2024 के एक इंटरव्यू में सोनिका ने बताया कि उन्होंने कभी शराब को छुआ तक नहीं, लेकिन उनके कॉम्पिटिटर्स उन्हें बदनाम करने के लिए ऐसी बातें फैलाते थे. शुक्र है कि सुभाष घई ने इन बातों पर ध्यान नहीं दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि जिसे निशाना बनाया जा रहा है, उसमें जरूर कुछ खास बात होगी. (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
Add as Preferred Source on Google
‘राम लखन’ हिट हुई और सोनिका रातों-रात मशहूर हो गईं. उस फिल्म में माधुरी दीक्षित और डिंपल कपाड़िया जैसी सीनियर एक्ट्रेस होने के बावजूद सोनिका ने अपनी पहचान बनाई. उन्हें सुभाष घई की अगली बड़ी फिल्म ‘खलनायक’ में भी काम करना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. जनवरी 1992 में उनका एक भयानक एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनका पैर टूट गया और उनकी पूरी जिंदगी बदल गई. (फोटो साभार: Instagram@officialsonikagill)
एक्सीडेंट की वजह से सोनिका के हाथ से कई बड़ी फिल्में निकल गईं, जिनमें ‘खलनायक’ सबसे अहम थी. उनकी जगह वो रोल राम्या कृष्णन को मिल गया. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सोनिका इतनी टूट गई थीं कि वो बैसाखी लेकर फिल्म के सेट पर पहुंच गईं, जहां सुभाष घई ने उन्हें डांटा और समझाया कि ऐसे हालात में बाहर दिखने से उनका करियर और खराब हो सकता है. ‘खलनायक’ का हाथ से जाना उनके करियर का सबसे बड़ा झटका साबित हुआ. (फोटो साभार: Instagram@officialsonikagill)
सोनिका का स्ट्रगल यहीं खत्म नहीं हुआ. एक्सीडेंट के बाद उन्हें काफी दर्द में काम करना पड़ा. फिल्म ‘तिरंगा’ और ‘घर की इज्जत’ में उन्होंने बैठकर अपने सीन शूट किए. यहां तक कि महान अभिनेता राज कुमार ने जब उनके सूजे हुए पैर देखे, तो उन्हें बहुत दुख हुआ और उन्होंने सोनिका की खातिर सेट पर जल्दी आकर शूटिंग खत्म करना शुरू कर दिया. करियर में गिरावट और भाई की मौत के सदमे के बाद सोनिका ने हार मान ली और दुबई जाकर एक रेस्टोरेंट में मैनेजर की नौकरी करने लगीं. (फोटो साभार: Instagram@officialsonikagill)
दुबई से वापस आने के बाद सोनिका की जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. उन्होंने अपने भाई और मां को खो दिया. उन्होंने इस गम से उबरने के लिए दोबारा फिल्मों का रुख किया और ‘माई फ्रेंड गणेशा 3’ और ‘अनामिका’ जैसे शोज किए. निजी जिंदगी की बात करें तो सोनिका ने करियर की वजह से 40 की उम्र तक शादी नहीं की. उनका मानना था कि उस दौर में शादीशुदा हीरोइनों को काम मिलना बंद हो जाता था और वो अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थीं.(फोटो साभार: YouTube/Videograb)
सोनिका की सगाई छह बार टूटी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. आखिरकार मां की मौत के एक साल बाद उन्हें बिजनेसमैन मितेश रुघानी मिले. आज सोनिका एक बहुत ही अनोखे और खुशहाल परिवार का हिस्सा हैं. वो अपने पति, उनकी पहली पत्नी और बच्चों के साथ मिल-जुलकर रहती हैं. उनका कहना है कि एक औरत दूसरी औरत से नफरत क्यों करे? आज वो अपनी बेटी और इस ‘ब्लेंडेड फैमिली’ के साथ अपनी जिंदगी के सुकून भरे पल बिता रही हैं. (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



