‘बिल तेरा बाप देगा’ BB 20 में खाने को लेकर हुई जंग, माही को याद आए बचपन के बुरे दिन, रिश्तेदारों ने मारा था ताना

Last Updated:October 02, 2026, 13:02 IST
Mahhi Vij Breakdown On BB 20: बिग बॉस 20 के घर में खाने पर भेदभाव देखकर माही विज रो पड़ीं. माही ने मैरी कॉम की किचन पॉलिटिक्स पर अपना दर्द बयां करते हुए बचपन का वो किस्सा सुनाया जब रिश्तेदारों ने कॉर्न सूप मांगने पर ताना मारा था. जानिए माही विज ने क्या खुलासा किया!
बिग बॉस 20 के घर में छोटी छोटी बातों पर बहस होना आम बात है. लेकिन इस बार बात किचन और खाने तक पहुंच गई है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में जानी मानी एक्ट्रेस माही विज खाने को लेकर काफी इमोशनल नजर आईं. माही ने शो के कंटेस्टेंट अमन गांधी के सामने अपना दर्द बयां किया. उन्होंने बताया कि जब खाने को लेकर घर में फर्क किया जाता है तो उनका दिल बहुत दुखता है.
अमन गांधी से बात करते हुए माही विज ने साफ किया कि उनके मन में मैरी कॉम के लिए कोई गुस्सा या दुश्मनी नहीं है. वह मैरी कॉम की बहुत इज्जत करती हैं. बस उन्हें इस बात से ठेस पहुंची कि किचन संभालते समय कुछ लोगों को ज्यादा खाना दिया जा रहा है और बाकी लोगों को कम. ये ठीक नहीं है
दरअसल मैरी कॉम ने यंग से कहा था कि माही पूरी सब्जी की ग्रेवी ले गईं. ये बात माही को रास नहीं आई क्योंकि उनका कहना था कि मैरी कॉम हमेशा उनके साथ ऐसा ही करती हैं. खाना बांटने में हो रहे इस फर्क ने माही विज को उनके पुराने दिनों की याद दिला दी. माही ने बताया कि वह एक मिडिल क्लास परिवार से आती हैं. बचपन में उनके घर के आर्थिक हालात बहुत मजबूत नहीं थे.
Add as Preferred Source on Google
माही ने आगे कहा, इस वजह से कई बार रिश्तेदारों के बीच उन्हें बहुत अनकंफर्टेबल महसूस कराया जाता था. आज जब घर में खाने को लेकर ऐसी सिचुवेशन बनी तो उनका वही पुराना दर्द फिर से हरा हो गया. माही ने कहा कि ये मेरा ट्रॉमा तो नहीं है लेकिन ये मुझे पुराने दिन याद दिला देती हैं.
अपनी बहन से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाते हुए माही विज रो पड़ीं. उन्होंने बताया कि बचपन में वे लोग कभी होटल या रेस्टोरेंट नहीं जाते थे. एक बार जब वे रिश्तेदारों के साथ बाहर गए तो उनकी बहन ने कॉर्न सूप पीने की इच्छा जताई. इस बात पर रिश्तेदार ने ताना मारते हुए कहा था कि क्या तुम्हारे बाप बिल दे रहे हैं. यह छोटी सी बात माही के दिल में इस कदर घर कर गई कि वह इसे आज तक नहीं भूल पाई हैं.
उन कड़वी यादों को याद करते हुए माही ने कहा कि उन्होंने कभी अपने दिल में कड़वाहट नहीं रखी. आज भी वह उन्हीं रिश्तेदारों के बच्चों से बहुत प्यार और सम्मान के साथ मिलती हैं. माही ने कहा कि आज वह अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर एक सफल मुकाम पर हैं. उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्होंने अपने दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है.
अमन गांधी के साथ बैठकर माही काफी देर तक अपने दिल की बात कहती रहीं. उन्होंने कहा कि खाने को लेकर किसी भी इंसान को नीचा महसूस नहीं कराना चाहिए. अमन ने बहुत शांति से माही की पूरी बात सुनी और उन्हें संभाला. माही का कहना है कि शो के अंदर सभी के साथ एक जैसा बर्ताव होना चाहिए.
माही विज के इस इमोशनल ब्रेकडाउन के बाद अब देखना दिलचस्प होगा कि मैरी कॉम इस मुद्दे पर क्या रिएक्शन देती हैं. क्या मैरी कॉम और माही विज बैठकर अपने बीच की गलतफहमियों को सुलझा पाएंगी या फिर खाने को लेकर शुरू हुई यह बहस बिग बॉस 20 के घर में किसी नए बड़े विवाद का रूप लेगी. फैंस अब आने वाले वीकेंड का वार एपिसोड का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 02, 2026, 13:02 IST



