दौसा में मजदूर की मौत के बाद बवाल, शव लेकर पहले SDM ऑफिस पहुंचे ग्रामीण, जमकर किया प्रदर्शन

Last Updated:May 11, 2026, 15:41 IST
Dausa Kalwan Village Road Dispute: दौसा के सिकराय उपखंड में मजदूर गिर्राज प्रसाद प्रजापत की मौत के बाद रास्ते के विवाद ने तूल पकड़ लिया. कालवान गांव के ग्रामीण शव लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रजापतों की ढाणी तक जाने वाला रास्ता अतिक्रमण के कारण बंद है. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. एसडीएम डॉ. नवनीत कुमार की समझाइश के बाद परिजन शव लेकर गांव लौटे. प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया है और ग्रामीणों ने रास्ता स्थायी रूप से खुलवाने की मांग दोहराई.
ख़बरें फटाफट

दौसा के सिकराय उपखंड में मजदूर गिर्राज प्रसाद प्रजापत की मौत के बाद रास्ते के विवाद पकड़ा तूल
दौसा. राजस्थान के जिला अंतर्गत सिकराय उपखंड में एक मजदूर की मौत के बाद रास्ते के विवाद को लेकर बड़ा तनाव खड़ा हो गया. कालवान गांव के प्रजापतों की ढाणी के ग्रामीण मृतक का शव लेकर सिकराय एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया. अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ढाणी तक जाने वाले रास्ते को स्थायी रूप से खुलवाने की मांग उठाई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालवान निवासी गिर्राज प्रसाद प्रजापत की शनिवार रात लाहड़ी का बास गांव में एक हॉस्पिटल बिल्डिंग के निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटना में मौत हो गई थी. रविवार सुबह दौसा जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को एंबुलेंस में रखकर सीधे सिकराय एसडीएम कार्यालय पहुंच गए.
ग्रामीणों का आरोप- अतिक्रमण के चलते गांव तक जाने का रास्ता बंद है
ग्रामीणों का आरोप था कि कालवान से नले वाले प्रजापतों की ढाणी तक जाने का रास्ता अतिक्रमण की वजह से बंद है. उनका कहना था कि लंबे समय से रास्ते की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया. इसी को लेकर ग्रामीणों ने शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
एसडीएम के समझाने पर ग्रामीणों और परिजन मानें
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सिकराय एसडीएम डॉ. नवनीत कुमार ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर समझाइश की. काफी देर तक चली वार्ता के बाद परिजन माने और शव को लेकर कालवान गांव के लिए रवाना हो गए. हालांकि ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
प्रशासनिक टीम गांव पहुंचकर लेगी स्थिति का जायजा
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी सतीश कुमार और तहसीलदार हेमेंद्र को मौके के लिए रवाना किया गया है. प्रशासनिक टीम गांव पहुंचकर हालात का जायजा लेगी और रास्ते से जुड़े विवाद की जांच करेगी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रजापतों की ढाणी तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग नहीं है और रास्ते पर अतिक्रमण होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dausa,Rajasthan



