‘पहले मुझे ये रोल समझ ही नहीं आया’, स्क्रिप्ट पढ़कर कन्फ्यूज हो गए थे रणदीप हुड्डा, 1 मुलाकात से बदला नजरिया

Last Updated:May 13, 2026, 23:02 IST
रणदीप हुड्डा इन दिनों अपनी वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश 2 को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक्टर ने खुलासा किया कि शुरुआत में उन्हें इस किरदार को समझने में काफी परेशानी हुई थी, लेकिन असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात के बाद रोल को निभाना आसान हो गया.
नई दिल्ली. अभिनेता रणदीप हुड्डा इन दिनों अपनी वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ को लेकर चर्चा में हैं. इस सीरीज में वह पुलिस इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं, जो एक रियल लाइफ कैरेक्टर पर आधारित है.
एक्टर ने कहा कि उनकी सोच तब बदली, जब उनकी मुलाकात असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा से हुई. इस मुलाकात के बाद उनके लिए किरदार को समझना काफी आसान हो गया. रणदीप ने बताया कि उन्होंने इंस्पेक्टर अविनाश के बोलने का तरीका, लोगों से मिलने-जुलने का अंदाज, सोचने का तरीका और मुश्किल हालातों को संभालने के तरीके को बारीकी से ऑब्जर्व किया.
रणदीप का कहना है कि इन सभी चीजों ने उन्हें यह समझने में मदद की कि एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी कितनी चैलेंजिंग होती है. लगातार दबाव, जिम्मेदारियां और संघर्ष इस नौकरी का हिस्सा होते हैं. यही अनुभव उनके अभिनय में भी नजर आया.
Add as Preferred Source on Google
उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े रहे. वह कई बार लखनऊ और मुंबई के सेट पर पहुंचे और शूटिंग को करीब से देखा. इस दौरान रणदीप और उनके बीच लगातार बातचीत होती रही, जिससे एक्टर को अपने किरदार को और गहराई से समझने का मौका मिला.
रणदीप ने कहा कि वह अक्सर इंस्पेक्टर अविनाश के साथ समय बिताते थे, ताकि बिना किसी एक्टिंग के उनके नेचुरल बिहेवियर को समझ सकें. इससे उन्हें स्क्रीन पर किरदार को ज्यादा रियल बनाने में मदद मिली.
एक्टर के मुताबिक, असली इंस्पेक्टर के परिवार और दोस्तों ने भी उनके काम की तारीफ की. रणदीप ने बताया कि कई लोगों ने कहा कि उनका अभिनय इतना सटीक था कि कुछ पल के लिए पहचानना मुश्किल हो जाता था कि असली इंस्पेक्टर कौन है. रणदीप ने इसे अपने करियर का बड़ा सम्मान बताया.
उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा का मार्गदर्शन और उनकी असली जिंदगी के अनुभवों के बारे में जानने का मौका नहीं मिलता, तो शायद वह इस किरदार में इतनी गहराई नहीं ला पाते.
रणदीप का मानना है कि किसी भी रियल लाइफ कैरेक्टर को निभाने के लिए सिर्फ स्क्रिप्ट पढ़ लेना काफी नहीं होता. उस इंसान की जिंदगी, अनुभव और व्यक्तित्व को समझना भी उतना ही जरूरी होता है.बता दें कि ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ 15 मई 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.



