बॉलीवुड में झेला कास्टिंग काउच का दंश, लोगों ने लगा दिया था ‘फ्लॉप’ का ठप्पा, अब बन गई टीवी की टॉप हीरोइन

Last Updated:May 17, 2026, 08:45 IST
टीवी इंडस्ट्री पर राज करने वाली एक्ट्रेस का फिल्मी सफर बहुत बुरे अनुभवों के साथ गुजरा है. आज भले ही वह छोटे पर्दे की सबसे महंगी और चहेती स्टार हैं, लेकिन उन्होंने खुद एक बार माना था कि बॉलीवुड में उनका सफर बेहद दर्दनाक रहा. एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री में पैर पसार चुके कास्टिंग काउच की वजह से उन्होंने खुद सोच-समझकर फिल्मों से हमेशा के लिए दूरी बनाने का फैसला लिया था.
नई दिल्ली. रूपाली गांगुली टीवी जगत की नंबर वन एक्ट्रेस हैं. पॉपुलर सीरियल अनुपमा ने उन्हें घर-घर फेमस कर दिया है. आज भले ही वह छोटे पर्दे पर राज कर रही हैं, लेकिन उन्होंने खुद एक बार खुलासा किया था कि फिल्मों में उनका सफर अच्छा नहीं रहा. रूपाली ने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच के चलते उन्होंने खुद सोच-समझकर बॉलीवुड को अलविदा कह दिया था.
रूपाली गांगुली ने बताया था कि उस समय फिल्मों का माहौल ऐसा था कि उन्होंने आगे काम तलाशने के बजाय वहां से कदम पीछे खींचना ही बेहतर समझा. पिंकविला के साथ इंटरव्यू के दौरान रूपाली ने बताया कि उस दौर में फिल्मों को छोड़कर टीवी का रुख करना लोगों को रास नहीं आता था. सिनेमा में कामयाबी न मिलने की वजह से लोगों ने उन्हें जज करना शुरू कर दिया था और उन्हें फ्लॉप तक मान लिया गया था.
रूपाली गांगुली ने अतीत के पन्ने पलटते हुए कहा, ‘एक दौर ऐसा था जब फिल्मों में मेरा काम नहीं चला और सच कहूं तो यह मेरा खुद का लिया हुआ फैसला था. उस जमाने में फिल्म इंडस्ट्री के भीतर कास्टिंग काउच यानी काम के बदले समझौते का चलन बहुत ज्यादा था. इस कड़वी सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता कि उस वक्त पूरी इंडस्ट्री इस गंदगी की गिरफ्त में थी.’
Add as Preferred Source on Google
इंडस्ट्री के उस काले सच पर खुलकर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘मुमकिन है कि कुछ एक्ट्रेस का सामना इस गंदे माहौल से न हुआ हो, लेकिन मेरे जैसे लोगों को इसका कड़वा अनुभव हुआ था. हमने इस गंदगी का हिस्सा न बनने का फैसला किया. दुख की बात यह थी कि फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद मुझे सिर्फ इसलिए फेलियर मान लिया गया क्योंकि मैंने समझौता नहीं किया.
तमाम आलोचनाओं और लोगों के तानों के बावजूद रूपाली ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने बड़े पर्दे की चकाचौंध को छोड़कर टीवी इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने का एक बड़ा और ठोस फैसला लिया. छोटे पर्दे पर कदम रखते ही दर्शकों ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और धीरे-धीरे अपनी मेहनत के दम पर वह भारतीय टेलीविजन जगत के सबसे लोकप्रिय और चहेते चेहरों में शुमार हो गईं.
रूपाली के करियर में असली टर्निंग पॉइंट ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ शो से आया, जहां उनके मोनिशा के किरदार को खूब प्यार मिला. इसके बाद उनके सुपरहिट ड्रामा शो अनुपमा ने तो सफलता के सारे रिकॉर्ड ही तोड़ दिए. इस एक शो ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और आज रूपाली सबसे ज्यादा फीस लेने वाली टीवी एक्ट्रेसेस में से एक हैं.
रूपाली ने आगे बताया कि आज वो जिस मुकाम पर हैं, उसने उनके अतीत के सारे जख्मों को भर दिया है और पुराने बुरे दौर को पीछे छोड़ने में मदद की है. उन्होंने कहा, ‘उस समय लोगों की बातों से मैं खुद को बहुत छोटा महसूस करती थी, लेकिन आज मुझे खुद पर बहुत गर्व होता है. मुझे वाकई बेहद फख्र है. मेरे शो अनुपमा ने मुझे वो मुकाम और इज्जत दिलाई है, जिसका सपना मैंने हमेशा देखा था और जिसकी उम्मीद मैंने खुद से की थी. इसलिए अनुपमा मेरे लिए जिंदगी बदल देने वाला शो रहा है. मैं भगवान और अपने पिता की बेहद आभारी हूं, मुझे लगता है कि यह सब मेरे पापा के आशीर्वाद से ही मुमकिन हो पाया है.’
बताते चलें कि रूपाली गांगुली ने टीवी इंडस्ट्री को कई सुपरहिट शोज दिए हैं. उन्होंने ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, ‘संजीवनी’, ‘कहानी घर-घर की’, और ‘काव्यांजलि’ शामिल हैं. उन्होंने कई धारावाहिकों में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवाया है. सिर्फ सीरियल्स ही नहीं, रूपाली रियलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं, उन्होंने ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन में बतौर कंटेस्टेंट पार्टिसिपेट किया था.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



