आधी रात को चार्टड विमान से जयपुर कौन आया, क्या एकनाथ सिंदे? सियासी गलियारों में मची हलचल

जयपुर. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर की चर्चाओं के बीच जयपुर एयरपोर्ट पर आधी रात को हुई एक चार्टर्ड विमान के आगमन ने सियासी गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है. मंगलवार देर रात दिल्ली से एक चार्टर्ड विमान जयपुर पहुंचा और महज कुछ मिनट रुकने के बाद बिना किसी यात्री के उतरने या सवार होने की पुष्टि के वापस दिल्ली लौट गया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इस विमान में कौन था और इसका मकसद क्या था.
बताया जा रहा है कि चार्टर्ड विमान रात 1 बजकर 9 मिनट पर जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा. विमान के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर हलचल बढ़ी, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे इसी विमान में मौजूद थे. हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से ऐसी किसी भी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
9 मिनट तक जयपुर एयरपोर्ट पर रूका रहा विमान
दिलचस्प बात यह रही कि विमान करीब 9 मिनट तक ही जयपुर में रुका और रात 1 बजकर 18 मिनट पर फिर से दिल्ली के लिए रवाना हो गया. सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान न तो किसी यात्री के विमान से उतरने की जानकारी सामने आई और न ही किसी के सवार होने की पुष्टि हुई. यही वजह है कि इस छोटी सी उड़ान को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
शिवसेना UBT में संभावित टूट की चर्चाएं तेज
यह पूरा वाक्या ऐसे समय सामने आया है जब महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के भीतर संभावित राजनीतिक टूट को लेकर चर्चाएं तेज हैं. राजनीतिक हलकों में यह दावा किया जा रहा है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कुछ सांसद मौजूदा स्थिति से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं और वे अलग राजनीतिक रास्ता अपनाने पर विचार कर सकते हैं. दूसरी ओर, एकनाथ शिंदे लगातार दिल्ली में सक्रिय हैं और विभिन्न नेताओं के साथ बैठकों में व्यस्त बताए जा रहे हैं.
उद्धव गुट ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर जताई चिंता
इसी बीच ये भी खबरें छनकर आ रही है कि उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के 6 सांसदों के शिंदे शिवसेना के संपर्क में होने की चर्चा है. उद्धव गुट ने संभावित राजनीतिक संकट को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अपनी चिंता जताई है. पार्टी का कहना है कि किसी भी सांसद समूह द्वारा अलग पहचान या नए गुट के दावे को जल्दबाजी में मान्यता नहीं दी जानी चाहिए. पार्टी ने अपने पत्र में संविधान और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए मूल राजनीतिक दल की मान्यता को सर्वोपरि बताया है.
क्या बड़े उललफेर की ओर बढ़ रहा है महाराष्ट्र की राजनीति
आने वाले कुछ दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े उलटफेर के मामले देखने को मिल सकते हैं. इसी कारण दिल्ली, मुंबई और अब जयपुर से जुड़ी हर एक्टिविटी पर नजर रखी जा रही है. हालांकि चार्टर्ड विमान की इस रहस्यमयी यात्रा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इसने सियासी चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है.
चार्टर्ड विमान की जयपुर में लैंडिंग को लेकर अटकलें तेज
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर आधी रात को जयपुर पहुंचा यह चार्टर्ड विमान किस मिशन पर था और क्या वास्तव में इसमें एकनाथ शिंदे मौजूद थे या फिर यह महज राजनीतिक अटकलों का हिस्सा है. जवाब आने वाले दिनों में सामने आ सकता है, लेकिन फिलहाल इस उड़ान ने राजस्थान से लेकर महाराष्ट्र और दिल्ली तक राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.



