Recipe: भाप में पकाने की जरूरत नहीं, तवे पर ऐसे बनाएं नरम और स्वादिष्ट रवा ढोकला, नोट कर लें आसान रेसिपी

होमफोटोलाइफ़फूड
भाप में पकाने की जरूरत नहीं, तवे पर ऐसे बनाएं नरम और स्वादिष्ट रवा ढोकला
Last Updated:September 18, 2026, 07:08 IST
Tawa Rava Dhokla Recipe: सुबह के नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला ट्राई करना चाहते हैं तो तवा रवा ढोकला एक आसान विकल्प हो सकता है. सूजी, ओट्स और दही से तैयार होने वाली इस रेसिपी में ढोकले को पारंपरिक तरीके से भाप में पकाने की जरूरत नहीं पड़ती. बैटर तैयार करने के बाद इसे सीधे तवे या कढ़ाही में तड़के के साथ पकाया जाता है. गृहिणी निरमा देवी के मुताबिक, करीब 20 मिनट बैटर को सेट करने के बाद इसमें इनो मिलाकर तुरंत पकाना होता है. राई, तिल और करी पत्ते का तड़का इसके स्वाद को और बढ़ा देता है. धीमी से मध्यम आंच पर करीब 10 से 15 मिनट में ढोकला तैयार हो जाता है. इसे हरी चटनी के साथ गरमागरम परोसा जा सकता है.
सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा बनाने का मन है जो स्वादिष्ट होने के साथ जल्दी भी तैयार हो जाए, तो आप तवा रवा ढोकला बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत पड़ती है और न ही लंबी तैयारी करनी होती है. सूजी और ओट्स से तैयार यह ढोकला नरम और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. इसे हरी चटनी के साथ परोसा जाता है.
गृहिणी निरमा देवी ने बताया कि इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए पारंपरिक तरीके से ढोकले को भाप में पकाने की जरूरत नहीं होती. तवे या कढ़ाही में ही इसका बैटर तैयार करके पकाया जाता है. करीब 10 मिनट की तैयारी और 25 मिनट के पकाने के समय में यह नाश्ता तैयार हो सकता है. आज की रेसिपी स्पेशल खबर में आम आपको यही रवा ढोकला बनाने की रेसिपी बताएगें.
तवा रवा ढोकला बनाने के लिए सामग्री: इसके लिए 1 कप सूजी, आधा कप ओट्स, आधा कप दही, इनो, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच तिल, 5 से 7 करी पत्ते, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और जरूरत के अनुसार तेल की आवश्यकता होती है. इसके अलावा ओट्स को पहले पीसकर पाउडर जैसा तैयार कर लें, ताकि यह बैटर में अच्छी तरह मिल जाए.
Add as Preferred Source on Google
ऐसे बनाएं: गृहिणी निरमा देवी ने बताया कि सबसे पहले एक बर्तन में सूजी और पिसे हुए ओट्स को डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और जरूरत के अनुसार पानी डालें. इसमें स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. तैयार मिश्रण को करीब 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद इससे सूजी और ओट्स पानी को सोख लेंगे और बैटर ढोकला बनाने के लिए सही बनावट में आ जाएगा.
20 मिनट बाद बैटर को एक बार अच्छी तरह चला लें. अब इसमें इनो पाउडर डालकर हल्के हाथ से अच्छी तरह मिला दें. ध्यान रखें कि इनो डालने के बाद बैटर को बहुत देर तक न रखें, बल्कि तुरंत पकाने के लिए इस्तेमाल करें. अब कढ़ाही या तवा गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल डालें. तेल गर्म होने पर इसमें राई, तिल और करी पत्ता डालकर तड़का तैयार करें.
तड़का तैयार होने के बाद इसमें ढोकले का बैटर डालकर समान रूप से फैला दें. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर छिड़कें और कढ़ाही को ढक्कन से ढक दें. इसे धीमी से मध्यम आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकने दें. ढोकला पक गया है या नहीं, यह देखने के लिए बीच में चाकू या टूथपिक डालकर जांच सकते हैं. अगर वह साफ निकल आए तो ढोकला तैयार है.
अब तैयार तवा रवा ढोकले को सावधानी से प्लेट में निकालें और मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लें. ऊपर से चाहें तो थोड़ा और तड़का या हरा धनिया डाल सकते हैं. इसे गरमागरम हरी चटनी के साथ सर्व करें. सूजी, ओट्स और दही का यह कॉम्बिनेशन रोजमर्रा के नाश्ते में एक अलग स्वाद दे सकता है. खास बात यह है कि कम समय में बनने वाली यह रेसिपी घर के सदस्यों के लिए आसानी से तैयार की जा सकती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 18, 2026, 07:08 IST



