RPSC से आरोपी तक… ऐसे पहुंचा सॉल्व्ड पेपर, SOG के हत्थे चढ़ा मनीष दाधीच, उगले कई बड़े राज

Last Updated:June 22, 2026, 15:47 IST
Rajasthan SI Paper Leak Case: राजस्थान की बहुचर्चित एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में एसओजी ने एक और आरोपी मनीष दाधीच को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि मनीष ने परीक्षा से पहले लीक हुआ पेपर पढ़ा था. यह पेपर आरपीएससी के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा से होते हुए संदीप लाटा और फिर पुरुषोत्तम दाधीच के जरिए उसके पास पहुंचा था. मनीष को हिंदी और सामान्य ज्ञान में असामान्य रूप से अच्छे अंक मिले थे, लेकिन इंटरव्यू में वह न्यूनतम अंक भी हासिल नहीं कर पाया. कोर्ट ने उसे 23 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि अब तक एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में 147 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच लगातार जारी है.
ख़बरें फटाफट
एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी ने एक और आरोपी मनीष दाधीच को किया गिरफ्तार
जयपुर. राजस्थान की बहुचर्चित एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी एसओजी को एक और बड़ी सफलता मिली है. एसओजी ने परीक्षा से पहले कथित रूप से पेपर पढ़ने वाले आरोपी मनीष दाधीच को गिरफ्तार किया है. लंबे समय से फरार चल रहे मनीष पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 23 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
जांच में सामने आया है कि मनीष दाधीच को एसआई भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले उपलब्ध कराया गया था. एसओजी के अनुसार, यह पेपर आरपीएससी के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा के माध्यम से लीक हुआ था. जांच में पता चला कि मनीष के भाई पुरुषोत्तम दाधीच ने यह पेपर आरोपी संदीप लाटा से प्राप्त किया था. वहीं संदीप लाटा को बाबूलाल कटारा ने सॉल्व्ड पेपर उपलब्ध कराया था. इसके बाद यह पेपर मनीष तक पहुंचा.
इंटरव्यू में न्यूनतम अंक भी प्राप्त नहीं कर सका था मनीष दाधीच
एसओजी अनुसार, मनीष दाधीच के परीक्षा परिणाम भी संदेह को मजबूत करते हैं. उसे हिंदी विषय में 200 में से 170.08 अंक प्राप्त हुए थे, जबकि सामान्य ज्ञान परीक्षा में उसके 158.69 अंक आए थे. हालांकि लिखित परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के बावजूद वह इंटरव्यू में न्यूनतम आवश्यक अंक भी प्राप्त नहीं कर सका था. इसी आधार पर जांच एजेंसियों का संदेह और गहरा हुआ तथा बाद में उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए गए. एसओजी की जांच में सामने आया कि पेपर लीक नेटवर्क के जरिए कई अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचाया गया था. मामले में मनीष का नाम सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा था. लगातार तलाश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर एसओजी ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. आखिरकार अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
अब तक 147 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामला राजस्थान की सबसे चर्चित भर्ती घोटालों में शामिल है. इस मामले में पहले ही मनीष के भाई पुरुषोत्तम दाधीच, संदीप लाटा और आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. एसओजी लगातार पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि मनीष दाधीच की गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है. यह पता लगाने का प्रयास है कि पेपर लीक नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका थी और किन-किन लोगों तक पेपर पहुंचाया गया था. उन्होंने बताया कि अब तक एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में 147 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच लगातार जारी है.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



