भीलवाड़ा में खेल स्टेडियम बना सेना भर्ती की तैयारी का केंद्र, पूर्व सैनिकों दे रहे निःशुल्क अग्निवीर प्रशिक्षण!

Last Updated:June 24, 2026, 18:57 IST
Agniveer training In Bhilwara: भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में पूर्व सैनिकों द्वारा युवाओं के लिए निःशुल्क अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है. खेल स्टेडियम में प्रतिदिन शाम 6 बजे से चल रहे इस प्रशिक्षण में सैकड़ों युवा शारीरिक फिटनेस, दौड़ और सेना भर्ती से जुड़ी तैयारियों का अभ्यास कर रहे हैं. पूर्व सैनिक शंकर सिंह गौड़ और विक्रम सिंह राणावत के नेतृत्व में चल रहे इस प्रयास से आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को भी बिना किसी शुल्क के सेना में भर्ती होने का अवसर मिल रहा है. पिछले बैच में 10 युवाओं के चयन ने इस पहल की सफलता को और भी मजबूत किया है.
भीलवाड़ा. आज के समय में देश के हजारों युवाओं का सपना भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना होता है. इसके लिए युवा दिन-रात मेहनत भी करते हैं, लेकिन कई बार सही मार्गदर्शन और उचित प्रशिक्षण नहीं मिलने के कारण वे शारीरिक परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया में पीछे रह जाते हैं. ऐसे युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में पूर्व सैनिकों ने एक सराहनीय पहल शुरू की है. यहां भीलवाड़ा रोड स्थित खेल स्टेडियम में निःशुल्क अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जहां पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र के सैकड़ों युवा नियमित रूप से पहुंचकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं. उनका कहना है कि नियमित मेहनत, अनुशासन और सही तैयारी से युवा सेना में चयन का सपना आसानी से पूरा कर सकते हैं.
इस निःशुल्क प्रशिक्षण का संचालन मेजा निवासी पूर्व सैनिक शंकर सिंह गौड़ और विक्रम सिंह राणावत कर रहे हैं. दोनों पूर्व सैनिक सेना में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद अब क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए तैयार कर रहे हैं. प्रतिदिन शाम 6 बजे से खेल स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू होता है, जिसमें युवाओं को दौड़, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, सहनशक्ति बढ़ाने के अभ्यास और सेना भर्ती से जुड़ी अन्य जरूरी तैयारियां करवाई जाती हैं. प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवा भी बिना किसी परेशानी के इसका लाभ उठा रहे हैं.
सेना में चयन का सपना आसानी से हो सकता है पूरापूर्व सैनिक शंकर सिंह गौड़ ने बताया कि अगर युवा नियमित रूप से मेहनत करें और अनुशासन का पालन करते हुए प्रशिक्षण लें तो सेना में चयन का सपना आसानी से पूरा किया जा सकता है. कई निजी संस्थान भर्ती की तैयारी के नाम पर युवाओं से बड़ी राशि वसूलते हैं, जबकि यहां किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है. उनका उद्देश्य केवल क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को सेना में भर्ती करवाकर देश सेवा का अवसर दिलाना है, उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न रहें और इस निःशुल्क प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाएं. विक्रम सिंह राणावत रायला ने बताया कि इस प्रशिक्षण का परिणाम भी बेहतर रहा है. वर्ष 2025 के बैच में यहां से प्रशिक्षण लेने वाले 10 युवाओं का अग्निवीर भर्ती में चयन हो चुका है.
यही सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है, प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक सप्ताह ट्रायल लिया जाता है, जिसमें अभ्यर्थियों की दौड़, शारीरिक दक्षता, फिजिकल टेस्ट, दस्तावेजों की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण जैसी तैयारियों का अभ्यास कराया जाता है. इससे युवाओं को समय रहते अपनी कमियों का पता चल जाता है और वे उन्हें सुधारकर बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं. क्षेत्र के युवाओं में इस प्रशिक्षण को लेकर अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है. हर शाम बड़ी संख्या में युवा खेल स्टेडियम पहुंचकर पसीना बहा रहे हैं और सेना में भर्ती होने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में मेहनत कर रहे हैं. हमारा यह प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि मांडल और आसपास के गांवों के अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने का अवसर मिल सके. सभी इच्छुक युवाओं से नियमित रूप से प्रशिक्षण में शामिल होकर अपने सुनहरे भविष्य और देश सेवा के सपने को साकार करने की अपील की है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bhilwara,Rajasthan



