दो दिनों में मार दिए 30 आतंकी, सोमालिया में सेना का भयंकर आपरेशन, हथियारों के ठिकाने तबाह

Last Updated:June 28, 2026, 00:12 IST
सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस अभियान में आतंकियों के दो वाहन भी नष्ट कर दिए गए. इसके अलावा हथियार, गोला-बारूद और दूसरी जरूरी सामग्री भी बरामद कर नष्ट की गई. इनका इस्तेमाल हमलों की योजना बनाने में किया जाता था.
सोमालिया की राष्ट्रीय सेना (SNA) और उसके अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों ने आपरेशन में 30 आतंकियों को मार गिराया है. दक्षिणी सोमालिया के मिडिल शबेले इलाके में बड़ा सैन्य अभियान चलाकर अल-शबाब के आंतकियों निशाना बनाने का दावा किया है. इस दौरान आतंकियों के दो वाहन भी नष्ट कर दिए गए.
दो दिन तक चलाया गया अभियान
रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि यह संयुक्त अभियान मंगलवार और बुधवार को चलाया गया. सेना ने अल-शबाब के उन ठिकानों को निशाना बनाया, जहां लड़ाकों को ट्रेनिंग दी जाती थी. यहीं पर हमलों की योजना बनाई जाती थी. अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दूसरी सैन्य सामग्री भी बरामद की गई, जिसे नष्ट कर दिया गया.
सरकार का कहना है कि जिन ठिकानों पर कार्रवाई हुई. वहां अल-शबाब अपने हथियार और जरूरी सामान जमा करके रखता था. रक्षा मंत्रालय ने इस अभियान की सफलता का श्रेय अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के सहयोग को भी दिया. साथियों का धन्यवाद भी किया गया. इस कार्रवाई पर अल-शबाब की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
अब तक मारे जा चुके कुल 50 लड़ाके
यह अभियान ऐसे समय में हुआ है, जब सोमालिया की सेना और उसके सहयोगी आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं. पिछले महीने भी बैदोआ शहर के बाहरी इलाके में एक संयुक्त ऑपरेशन में सेना ने 50 अल-शबाब लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया था. उस अभियान में भी कई वाहन, हथियारों के ठिकाने और सैन्य उपकरण नष्ट किए गए थे.
इसी बीच रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि साउथवेस्ट स्टेट के पूर्व नेता अब्दियाजीज हसन मोहम्मद के समर्थक कुछ हथियारबंद समूह अल-शबाब के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. हालांकि, मोहम्मद ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.
मदद करने वालों के खिलाफ चलाया जाएगा अभियान
सरकार ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या संगठन आतंकियों की किसी भी तरह मदद करेगा या उन्हें संरक्षण देगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, दूसरी ओर अल-शबाब ने दावा किया है कि उसने एक घात लगाकर किए गए हमले में सोमालिया की सेना के दो वरिष्ठ कमांडरों को मार गिराया और सेना के पीछे हटने के दौरान चार सैन्य वाहनों पर कब्जा कर लिया. फिलहाल इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
मैं इस समय App टीम का हिस्सा हूं. App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 4 साल से अधिक का अनुभव है और फिलहाल अभी सीनियर सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले इनशॉर्ट्स औ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



