जगन गुर्जर की हत्या के बाद पत्नी पूर्व डकैत कौमेश ने दी जेल प्रशासन को धमकी…चुप नहीं बैठूंगी…बदला लूंगी

Last Updated:July 02, 2026, 11:47 IST
Dacoit Jagan Gurjar Wife Kaumesh Gurjar’s Threat : कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में हुई हत्या के बाद यह मामला लगातार गरमाता जा रहा है. अब जगन के पत्नी पूर्व दस्यु कौमेश गुर्जर ने भी साफ कहा कि मौत के पीछे का वास्तविक कारण सामने नहीं आ जाता तब तक वह चुप नहीं बैठेगी. उसने जेल प्रशासन को चेतावनी दी है कि उन्हें सिर्फ उस व्यक्ति का नाम बता दिया जाए जो इस घटना के लिए जिम्मेदार है. उसने बातों ही बातों में बदला लेने की बात भी कही है. कौमेश गुर्जर का कहना है कि बस एक बार उस शख्स का नाम बता दिया जाए जो जगन की मौत के लिए जिम्मेदार है.
हरवीर शर्मा.
धौलपुर. अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद अब उसके परिजनों का गुस्सा बढ़ने लग गया है. डकैत जगन गुर्जर की पत्नी कौमेश गुर्जर ने चेतावनी दी है कि जब तक मौत के पीछे की सच्चाई सामने नहीं आती तब तक वह चुप नहीं बैठेगी. कौमेश खुद भी चंबल की कुख्यात डकैत रही है. कौमेश बोली वह वह पिछले 15 वर्षों से जगन के साथ रह रही थी. मीडिया से बातचीत के दौरान कौमेश ने भावुक और आक्रोशित अंदाज में कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी. उसने प्रशासन पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या और बदला लेने जैसी बातें भी कही है. कौमेश ने कहा कि उन्हें सिर्फ उस व्यक्ति का नाम बता दिया जाए जो इस घटना के लिए जिम्मेदार है.
कौमेश ने कहा यदि उसके साथ जेल के बाहर कोई घटना होती तो वह उसका सामना करती. लेकिन अब जबकि घटना जेल के भीतर हुई है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जेल प्रशासन की है. उसने जेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पूरे मामले में जवाब देने की मांग की है. पूर्व दस्यु कौमेश गुर्जर ने इस हत्याकांड में जेल प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कौमेश ने कहा कि जगन की मौत का जवाब जेल प्रशासन को देना होगा और पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी होगी. कौमेश गुर्जर ने कहा कि अगर जेल में ही बंदी सुरक्षित नहीं है तो हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं.
जगन के भाई पप्पू गुर्जर को तत्काल दूसरी जेल में ट्रांसफर किया जाए
इसके साथ ही उसने यह भी मांग की कि अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन के भाई पप्पू गुर्जर को तत्काल किसी अन्य जेल में ट्रांसफर किया जाए ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. कौमेश के अनुसार घटना वाले दिन सुबह उनकी जगन से बातचीत हुई थी. उस दौरान जगन ने किसी खतरे या विवाद की जानकारी नहीं दी थी. बकौल कौमेश जगन ने सिर्फ इतना कहा था कि उसकी महताब गुर्जर से कहासुनी चल रही है और यदि संभव हो तो उसका दूसरी जेल में ट्रांसफर करा दिया जाए. उसने कहा कि उसके पति की हत्या हो गई लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
कौमेश का दावा-जगन की दुश्मनी धौलपुर तक सीमित थी
कौमेश के मुताबिक 29 जून 2026 को जगन की जमानत होनी थी और परिवार उसे घर लाने की तैयारी कर रहा था. कौमेश ने जेल प्रशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बताया जा रहा है कि कैमरे बंद थे और तकिये से गला घोंटकर हत्या की गई है. उसने इन दावों पर संदेह जताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. कौमेश ने यह भी आरोप लगाया कि जगन की दुश्मनी धौलपुर तक सीमित थी और जिले के बाहर उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी.
बाड़ी के तत्कालीन सीआई देवेंद्र शर्मा पर भी लगाए आरोपउसने प्रशासन से मांग की कि हत्या के पीछे जिन लोगों का हाथ है उन्हें सामने लाया जाए और पूरे मामले की सच्चाई सार्वजनिक की जाए. बातचीत के दौरान कौमेश ने बाड़ी के तत्कालीन सीआई देवेंद्र शर्मा पर भी आरोप लगाए. उसका दावा है कि एक पुराने मामले में तीन लाख रुपये लेकर राजीनामा कराया गया और फिर भी जगन को जेल भेज दिया गया. कौमेश ने अपने अतीत का भी जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी वह पारिवारिक दुश्मनी के मामलों में जेल जा चुकी है. उसने दावा किया कि अपने पिता और भाई की हत्या के मामलों में उन्होंने बदला लिया था.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bharatpur,Bharatpur,Rajasthan



