60 देशों के दुर्लभ पॉलिमर नोटों का खजाना! बीकानेर के इस शख्स का अनोखा कलेक्शन देख रह जाएंगे हैरान

Last Updated:July 03, 2026, 11:56 IST
Bharat Bhushan Gupta Unique Polymer Currency Collection: दुनिया के कई देशों में अब पारंपरिक कागज के नोटों की जगह पॉलिमर नोट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. बीकानेर के संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता ने करीब 60 देशों के दुर्लभ पॉलिमर नोटों का अनूठा संग्रह तैयार किया है. उनके संग्रह में इंग्लैंड, कनाडा, न्यूजीलैंड, नेपाल, बांग्लादेश और इजिप्ट सहित कई देशों की करेंसी शामिल है. उनका कहना है कि पॉलिमर नोट अधिक टिकाऊ, सुरक्षित और नकली नोटों की रोकथाम में प्रभावी हैं. भारत भूषण का मानना है कि भविष्य में भारत भी पॉलिमर नोटों को बड़े स्तर पर अपना सकता है, हालांकि इसके लिए तकनीकी बदलाव जरूरी होंगे.
ख़बरें फटाफट
बीकानेर. दुनिया में करेंसी लगातार आधुनिक होती जा रही है. कई देशों ने पारंपरिक कागज के नोटों की जगह अब पॉलिमर नोटों को अपनाना शुरू कर दिया है. ये नोट न केवल अधिक टिकाऊ होते हैं, बल्कि इनमें सुरक्षा के ऐसे अत्याधुनिक फीचर भी होते हैं, जिनकी वजह से इनकी नकल करना बेहद मुश्किल माना जाता है. बीकानेर के संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता ने ऐसे ही दुनिया के करीब 60 देशों के पॉलिमर नोटों का दुर्लभ संग्रह तैयार किया है. उनका मानना है कि आने वाले समय में भारत भी पूरी तरह पॉलिमर नोटों की दिशा में कदम बढ़ा सकता है. भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि विश्व में सबसे पहले वर्ष 1988 में ऑस्ट्रेलिया ने 10 डॉलर का पॉलिमर नोट जारी किया था.
इसके बाद धीरे-धीरे कई देशों ने इस तकनीक को अपनाया और आज लगभग 60 देशों में पॉलिमर नोट प्रचलन में हैं. इनमें से करीब 15 ऐसे देश हैं, जहां सभी मूल्य वर्ग के नोट पॉलिमर सामग्री से बनाए जाते हैं। उनके अनुसार यह तकनीक भविष्य की करेंसी मानी जा रही है. उन्होंने बताया कि उनके संग्रह में इंग्लैंड, कनाडा, न्यूजीलैंड, वियतनाम, नेपाल, बांग्लादेश, इजिप्ट सहित अनेक देशों के पॉलिमर नोट सुरक्षित हैं. इंग्लैंड में पांच से लेकर 50 पाउंड तक के सभी नोट पॉलिमर में जारी किए जा चुके हैं. वहीं कनाडा, न्यूजीलैंड और वियतनाम ने भी अपनी पूरी करेंसी को पॉलिमर में बदल दिया है. इन नोटों की बनावट, रंग, पारदर्शी खिड़की और अन्य सुरक्षा फीचर इन्हें बेहद आकर्षक बनाते हैं.
नेपाल का 10 रुपये का पॉलिमर नोट है विशेष आकर्षण
भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि उनके संग्रह का एक विशेष आकर्षण नेपाल का 10 रुपये का पॉलिमर नोट है. वर्ष 2002 में नेपाल में महाराज ज्ञानेंद्र के गद्दी संभालने की स्मृति में यह विशेष नोट जारी किया गया था. इसके अलावा बांग्लादेश का 10 रुपये का पॉलिमर नोट और इजिप्ट सहित अन्य देशों के दुर्लभ नोट भी उनके संग्रह का हिस्सा हैं. वर्षों की मेहनत से उन्होंने इन नोटों को एकत्रित किया है. वे बताते हैं कि पॉलिमर नोटों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूती और लंबी उम्र है. सामान्य कागज के नोट जल्दी फट जाते हैं, गंदे हो जाते हैं और बार-बार बदलने पड़ते हैं, जबकि पॉलिमर नोट लंबे समय तक उपयोग में बने रहते हैं. ये पानी और नमी से भी कम प्रभावित होते हैं तथा इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर होने के कारण नकली नोट बनाने की संभावना भी काफी कम हो जाती है. यही कारण है कि दुनिया के कई देश अब इन्हें प्राथमिकता दे रहे हैं.
भारत में भी पॉलिमर नोटों की मांग लगातार बढ़ रही है
भारत भूषण गुप्ता का मानना है कि भारत में भी पॉलिमर नोटों की मांग लगातार बढ़ रही है. उनका कहना है कि देश की बड़ी आबादी और करेंसी की अधिक आवश्यकता को देखते हुए इस दिशा में काम जरूर होगा, हालांकि इसमें कुछ समय लग सकता है. उनका विश्वास है कि भविष्य में भारतीय रिजर्व बैंक भी पॉलिमर नोटों को प्रचलन में ला सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि भारत में पॉलिमर नोट लागू करने की प्रक्रिया केवल नोट छापने तक सीमित नहीं होगी. देश में बड़ी संख्या में लोग एटीएम के माध्यम से नकदी प्राप्त करते हैं.
यदि वर्तमान कागज के नोटों के साथ पॉलिमर नोटों का उपयोग शुरू किया जाता है, तो एटीएम मशीनों और करेंसी हैंडलिंग सिस्टम में भी आवश्यक तकनीकी बदलाव करने होंगे. इसी कारण इस प्रक्रिया में समय लगना स्वाभाविक है. भारत भूषण गुप्ता का यह दुर्लभ संग्रह केवल विदेशी मुद्रा का संकलन नहीं, बल्कि दुनिया में बदलती मुद्रा तकनीक और करेंसी के विकास का जीवंत दस्तावेज भी है. उनका उद्देश्य लोगों को यह बताना है कि समय के साथ मुद्रा केवल लेन-देन का साधन नहीं रही, बल्कि तकनीक, सुरक्षा और आधुनिकता का भी महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुकी है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bikaner,Rajasthan



