चूरू से जोधपुर तक विकास की नई पटरी, पीएम मोदी ने दी 1640 करोड़ की रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात

Last Updated:July 04, 2026, 15:06 IST
Rajasthan Infrastructure Project: राजस्थान को परिवहन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 1,640 करोड़ रुपए की रेल और सड़क परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं. इनमें चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण के साथ जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 पर एनएच-125ए फोरलेन परियोजना शामिल है. इनसे रेल और सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यातायात सुगम बनेगा, माल परिवहन तेज होगा और निवेश व रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. परियोजनाओं से उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
ख़बरें फटाफट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 1,640 करोड़ रुपए की रेल और सड़क परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं
जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान को परिवहन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए करीब 1,640 करोड़ रुपए की दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं. इनमें लगभग 900 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 58 किमी लंबी चूरू-सादुलपुर और 46 किमी लंबी चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाएं तथा करीब 740 करोड़ रुपए की लागत से विकसित जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 (कारवार-डांगियावास) पर स्थित एनएच-125ए के चार लेन निर्माण परियोजना शामिल हैं. इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजस्थान में परिवहन व्यवस्था को अधिक तेज, सुरक्षित और आधुनिक बनाना है.
उत्तर-पश्चिम राजस्थान में लंबे समय से रेल नेटवर्क पर बढ़ते यातायात और माल ढुलाई के दबाव को देखते हुए चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल मार्गों का दोहरीकरण आवश्यक माना जा रहा था. सिंगल रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के संचालन पर भी असर पड़ता था. अब दोनों रेलखंडों के दोहरीकरण से कुल 104 किलोमीटर क्षेत्र में रेल क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित तथा समयबद्ध हो सकेगा.
रेल परियोजना का सबसे बड़ा लाभ माल परिवहन को मिलेगा
रेल परियोजना का सबसे बड़ा लाभ माल परिवहन को मिलेगा. कृषि उपज, सीमेंट, खनिज, नमक और अन्य औद्योगिक उत्पादों की ढुलाई पहले की तुलना में अधिक तेज और कम लागत पर हो सकेगी. इससे उद्योगों की लॉजिस्टिक लागत घटेगी और नए निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा. बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी. साथ ही क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
ईंधन की बचत होगी और परिवहन लागत में कमी आएगी
जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 पर एनएच-125ए के चार लेन निर्माण से शहर और आसपास के क्षेत्रों की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी. वर्तमान में भारी वाहनों के शहर से गुजरने के कारण यातायात का दबाव और जाम की समस्या बनी रहती है. नई फोरलेन सड़क शुरू होने से भारी वाहनों का आवागमन अधिक व्यवस्थित होगा, यात्रा का समय कम होगा और सड़क सुरक्षा में भी सुधार आएगा. इससे ईंधन की बचत होगी और परिवहन लागत में कमी आएगी.
राजस्थान में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई मजबूती
बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई मजबूती प्रदान करेंगे. इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से राजस्थान के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी. इससे औद्योगिक इकाइयों, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक हब और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ होगा, क्योंकि प्रमुख शहरों तक पहुंच पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी. केंद्र सरकार का उद्देश्य आधारभूत ढांचे को मजबूत कर राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है. रेल दोहरीकरण और आधुनिक सड़क नेटवर्क से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, उद्योग, कृषि और परिवहन क्षेत्र को भी दीर्घकालिक लाभ होगा. इन परियोजनाओं को प्रदेश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



