Kota News: रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंकने के आरोप में एसपी ने ASI को किया सस्पेंड, CCTV में कैद हुई हरकत

Last Updated:July 12, 2026, 11:54 IST
Kota News: कोटा में अमर पंजाबी रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंकने के आरोप में लैंडमार्क पुलिस चौकी के एएसआई वेद प्रकाश को निलंबित कर दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है, जबकि एएसआई ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
कोटा. एक रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंकने के आरोप में लैंडमार्क पुलिस चौकी में तैनात एएसआई वेद प्रकाश को निलंबित कर दिया गया है. इस संबंध में एसपी सिटी तेजस्विनी गौतम ने शनिवार को निलंबन आदेश जारी किए. यह कार्रवाई रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आने के बाद की गई, जिसमें एक व्यक्ति कार से उतरकर रेस्टोरेंट की ओर पत्थर फेंकते और फिर वापस कार में बैठते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस का दावा है कि फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति एएसआई वेद प्रकाश है.
घटना 4 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, अमर पंजाबी रेस्टोरेंट के संचालक टिंकू ने घटना के बाद कुन्हाड़ी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के साथ उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई. मामले की जांच के दौरान फुटेज के आधार पर एएसआई वेद प्रकाश की पहचान होने का दावा किया गया. शिकायत दर्ज होने के छह दिन बाद एसपी सिटी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
डीएसपी का दावा, नशे की हालत में फेंका पत्थर
डीएसपी पूनम चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एएसआई वेद प्रकाश ने शराब के नशे में रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंका था. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में एएसआई स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई और प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई. पुलिस विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है. निलंबित एएसआई वेद प्रकाश ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं और उन्होंने किसी भी तरह की पत्थरबाजी नहीं की. उन्होंने कहा कि यदि उन्हें ऐसा करना ही होता तो वह स्वयं ऐसा क्यों करते. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट संचालकों से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है. वेद प्रकाश ने कहा कि कोचिंग क्षेत्र होने के कारण वह देर रात तक गश्त करते हैं और दुकानों को समय पर बंद करवाते हैं. इसी वजह से कुछ लोग उनसे नाराज हो सकते हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
रेस्टोरेंट संचालक ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
रेस्टोरेंट संचालक टिंकू ने बताया कि घटना के समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग से जुड़ा है. उन्होंने अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी थी. बाद में जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुलिस विभाग का एएसआई है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



