जयपुर में छात्रनेता का अनशन, प्रतापगढ़ में प्रदर्शन, झालावाड़ में चला बुलडोजर

Rajasthan News Live: सावन के चलते दौसा के देवगिरि पर्वत स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में तड़के 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जलाभिषेक-दुग्धाभिषेक का दौर चला. वहीं राजसमंद में एसीबी ने डीटीओ कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी की कार से 28 हजार रुपये से अधिक की संदिग्ध नकदी जब्त कर जांच शुरू कर दी. श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में पुलिस और ANTF ने 20 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि बीकानेर पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशा और विदेशी हथियार भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया.
झालावाड़: 22 बीघा चरागाह भूमि पर कब्जा करने वाले हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह पर चला प्रशासन का बुलडोजर
झालावाड़ जिले से भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला है. मनोहरथाना उपखंड के रवास्या इलाके में प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की. यहां कुख्यात हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह द्वारा 22 बीघा सरकारी चरागाह भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में दुष्कर्म, चोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ और गैर इरादतन हत्या जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को पूरी तरह से साफ कर दिया.
जयपुर: 13वें दिन भी आईसीयू से जारी छात्रनेता शुभम रेवाड़ का अनशन
राजधानी जयपुर में छात्र राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की बहाली और विश्वविद्यालय में एक अलग राजस्थानी विभाग की स्थापना की मांग को लेकर छात्रनेता शुभम रेवाड़ का आमरण अनशन लगातार 13वें दिन भी जारी है. स्वास्थ्य अधिक बिगड़ने के कारण छात्रनेता को एसएमएस (SMS) अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है. शुभम के परिजन और उनके साथी छात्र लगातार आ रही हेल्थ रिपोर्ट को लेकर अत्यधिक चिंतित हैं. बता दें कि बीते गुरुवार को पुलिस ने राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर अनशन पर बैठे शुभम रेवाड़ को जबरन उठाकर अस्पताल पहुंचाया था. इसके बावजूद शुभम ने अस्पताल के भीतर भी अपना अनशन समाप्त नहीं किया है. छात्रनेता विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार से लगातार अपनी दो मुख्य मांगों को पूरा करने की जिद पर अड़े हुए हैं.
Pratapgarh Tractor Theft News: धमोत्तर थाने का घेराव, ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी पर टंकी पर चढ़ा युवक
प्रतापगढ़ के धमोत्तर थाने में ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी मामले को लेकर भारी बवाल मच गया है. पूर्व विधायक रामलाल मीणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धमोत्तर थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान एक आक्रोशित युवक पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. ग्रामीण चोरी की ट्रॉली की तुरंत बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे गृहमंत्री शाह
गृहमंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे. अलवर की सरस डेयरी मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे. अमित शाह सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे. दौरे की तैयारियों को लेकर वन मंत्री संजय शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान सरस डेयरी मैदान में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान भी मौजूद रहे. जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने तैयारियों का जायजा लिया .
आसाराम को हाईकोर्ट से राहत, 20 दिन की पैरोल मंजूर
जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने 20 दिन की पैरोल देने के आदेश दिए हैं. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और न्यायाधीश संजीत पुरोहित की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया. इससे पहले जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली समिति ने पैरोल आवेदन खारिज कर दिया था. राज्य सरकार ने अदालत में पैरोल का विरोध करते हुए फरार होने की आशंका, अन्य राज्यों में दर्ज मामलों और शिकायतकर्ता परिवार की सुरक्षा का हवाला दिया था. हालांकि अदालत ने कहा कि आसाराम पिछले 13 वर्षों से जेल में है और इस दौरान मिली अंतरिम जमानत का कभी दुरुपयोग नहीं किया. इसलिए केवल आशंका के आधार पर पैरोल से इनकार उचित नहीं है. आसाराम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने पैरवी की.
25 लाख में खरीदा JEN पेपर, जल संसाधन विभाग का AE गिरफ्तार
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की चर्चित जूनियर इंजीनियर (JEN) संयुक्त भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता (AE) अतुल मीणा को गिरफ्तार किया है. आरोपी दौसा का रहने वाला है और वर्तमान में जल संसाधन विभाग में तैनात है. एसओजी की जांच में सामने आया कि अतुल मीणा ने पेपर माफिया के माध्यम से 25 लाख रुपये देकर प्रश्नपत्र खरीदा था. पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है. एसओजी का कहना है कि भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितताओं की गहन पड़ताल जारी है और इस मामले में आगे भी कई बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
ट्रक स्टार्ट होते ही मजदूर की मौत, चार बच्चों पर टूटा दुख
अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई. मृतक की पहचान गोविंदगढ़ के दोगड़ी गांव निवासी शाहरुख के रूप में हुई है. वह ट्रक के नीचे ग्रीस लगाने का काम कर रहा था. इसी दौरान चालक ने बिना जानकारी के ट्रक स्टार्ट कर पीछे करना शुरू कर दिया. ट्रक का पहिया शाहरुख के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि शाहरुख परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं. घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
105 लीटर हथकढ़ शराब जब्त, बाइक छोड़ खेतों में भागे तस्कर
अलवर आबकारी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 लीटर हथकढ़ शराब और एक बिना नंबर की बाइक जब्त की है. आबकारी पीओ प्रभुदयाल ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान देसूला के पास एक बाइक पर दो युवक कट्टों में शराब लेकर जा रहे थे. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों आरोपी बाइक छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले. तलाशी लेने पर कट्टों में 105 लीटर हथकढ़ शराब मिली. जांच में सामने आया कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसका चेसिस नंबर भी मिटाया गया था. पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
बीकानेर पुलिस ने पाकिस्तान ड्रोन तस्करी नेटवर्क का किया खुलासा
बीकानेर के खाजूवाला में 50 करोड़ रुपये की हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप मामले में बीकानेर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस के अनुसार दुबई हवाला नेटवर्क के जरिए फंडिंग की जा रही थी, जबकि पूरे सिंडिकेट का संचालन पंजाब जेल से किया जा रहा था. केंद्रीय एजेंसियों और पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है. कई संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना है.
राजसमंद DTO अधिकारी की कार से ₹28 हजार नकदी, ACB की कार्रवाई
एसीबी ने राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया की निजी कार और जामा तलाशी के दौरान 28,110 रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद कर जब्त की है. एसीबी को कथित अवैध वसूली की सूचना मिली थी, जिसके बाद चित्तौड़गढ़ एसीबी चौकी की टीम ने नेगड़िया टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया. तलाशी के दौरान कार और अधिकारी के पास से नकदी मिली. अधिकारी राशि का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद रकम जब्त कर जांच शुरू कर दी गई. एसीबी पूरे मामले की जांच कर रही है.
अनूपगढ़ में 20 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जलालाबाद से हेरोइन सप्लाई होने की जानकारी दी है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अब सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
सावन में नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था, तड़के से लगी कतारें
सावन माह में दौसा के देवगिरि पर्वत स्थित प्रसिद्ध नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. मंगलवार सुबह करीब 3 बजे से ही भक्त जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे. मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. सावन के प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. दूर-दराज से आने वाले भक्तों के कारण मंदिर क्षेत्र में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना हुआ है.
खाजूवाला में आज जनसुनवाई, विधायक सुनेंगे आमजन की समस्याएं
खाजूवाला के पंचायत समिति परिसर में सुबह 11 बजे जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल करेंगे. इसमें पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व सहित विभिन्न जनसमस्याओं की सुनवाई होगी. प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके. विधायक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है.
बूंदी में शराब पार्टी के दौरान झगड़ा, एक की मौत, एक घायल
बूंदी के नमाना थाना क्षेत्र के गरडदा बांध के पास शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बांध पर मछली ठेका कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल का उपचार जारी है. पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है.
हनुमानगढ़ में नियम तोड़ने पर चार वीडियो कोच बसें सीज
हनुमानगढ़ में निजी बसों में नियमों की अनदेखी पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एडीजे गजेंद्र सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वीडियो कोच बसों को सीज कर दिया. कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी और यातायात पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की गई. जांच में बसों में अग्निशमन यंत्र सहित कई जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिलीं. अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.
रामपुरा पंचायत में अवैध पट्टे का मामला, कोर्ट पहुंची शिकायत
सिरोही के रामपुरा ग्राम पंचायत में गली के बीच कथित अवैध पट्टा जारी करने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ताओं ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी और वर्तमान सरपंच पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. पड़ोसियों ने दस्तावेजों के साथ न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई है. सरपंच पहले भी अवैध पट्टों के मामलों को लेकर विवादों में रहे हैं. फिलहाल मामले की जांच की मांग की जा रही है.
धौलपुर एसपी का औचक निरीक्षण, अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने बाड़ी कोतवाली और बाड़ी सदर थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा, चुनावी तैयारियों और थाना व्यवस्थाओं का जायजा लिया. एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए.
भाजपा किसान मोर्चा की 64 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने 64 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है. नई टीम में 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 2 प्रदेश महामंत्री, 7 प्रदेश मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सह-कोषाध्यक्ष और 9 प्रदेश प्रवक्ताओं सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं. संगठन ने सभी वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया है. नई कार्यकारिणी से आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और किसान हितों से जुड़े कार्यक्रमों को गति मिलने की उम्मीद है



