7 साल की उम्र से शुरू हुआ सुरों का सफर, आज हैं बॉलीवुड की टॉप सिंगर्स, ‘सा रे गा मा पा’ से शुरू हुआ सफर

Last Updated:August 07, 2026, 04:01 IST
बॉलीवुड में कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज देने वाली मशहूर प्लेबैक सिंगर आकृति कक्कड़ 7 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रही हैं. संगीत से जुड़े परिवार में जन्मीं आकृति ने शास्त्रीय संगीत की शुरुआती शिक्षा अपनी मां से ली थी. बचपन में शुरू हुआ उनका संगीत का सफर आज उन्हें बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय गायिकाओं में शामिल कर चुका है.
ख़बरें फटाफट
करियर में दिए कई हिट गाने
नई दिल्ली. बॉलीवुड की फिल्मों में गाने सिर्फ मनोरंजन का हिस्सा नहीं होते, बल्कि कहानी और दर्शकों के बीच भावनात्मक रिश्ता भी बनाते हैं. ऐसे ही कई गानों को अपनी आवाज से यादगार बनाने वाली मशहूर प्लेबैक सिंगर आकृति कक्कड़ 7 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रही हैं.
आकृति कक्कड़ बॉलीवुड की उन गायिकाओं में शामिल हैं, जिन्होंने कई सुपरहिट और पार्टी सॉन्ग्स को अपनी आवाज दी है. ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ का ‘Saturday Saturday’ और ‘2 States’ का ‘Iski Uski’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट और पार्टियों की पहली पसंद बने हुए हैं. हिंदी के अलावा उन्होंने बंगाली भाषा में भी कई लोकप्रिय गाने गाए हैं.
घर में मिला संगीत का माहौल
आकृति का जन्म 7 अगस्त 1986 को नई दिल्ली में एक संगीत प्रेमी परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम संजीव कक्कड़ और मां निर्मल कक्कड़ हैं. उनकी मां ने दिल्ली विश्वविद्यालय से संगीत में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था और घर में संगीत का माहौल होने की वजह से आकृति का रुझान भी बचपन से ही गायकी की ओर हो गया. बहुत कम लोग जानते हैं कि आकृति ने शास्त्रीय संगीत की शुरुआती शिक्षा अपनी मां से ही ली थी. इसके बाद उन्होंने छोटी उम्र से ही सिंगिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया. साल 1999 में जी टीवी के मशहूर शो ‘सा रे गा मा पा’ में हिस्सा लेने के बाद उन्हें पहली बड़ी पहचान मिली.
बॉलीवुड को दिए कई हिट गाने
बॉलीवुड में आकृति ने साल 2004 में फिल्म ‘दस’ के गाने ‘छम से वो आ जाए’ से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने ‘दिल विच लगेया वे’, ‘जॉनी गद्दार’, ‘देखूं तुझे तो प्यार आए’, ‘खुदाया खैर’ समेत कई हिट गानों में अपनी आवाज का जादू बिखेरा.आकृति की दो जुड़वां बहनें सुकृति कक्कड़ और प्रकृति कक्कड़ भी इंडस्ट्री की जानी-मानी सिंगर्स हैं. तीनों बहनों ने अपनी गायकी से संगीत की दुनिया में अलग पहचान बनाई है.
बता दें कि सिर्फ गाने ही नहीं, आकृति कई सिंगिंग रियलिटी शोज में बतौर जज भी नजर आ चुकी हैं. हिंदी और बंगाली संगीत में उनकी मजबूत पकड़ ने उन्हें इंडस्ट्री की सबसे भरोसेमंद आवाजों में शामिल कर दिया है. अगर उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो आकृति ने साल 2016 में डायरेक्टर चिराग अरोड़ा से शादी की थी. दोनों का एक बेटा है और वह अपने परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं. आज भी आकृति कक्कड़ अपनी दमदार आवाज और शानदार गानों की बदौलत संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज कर रही हैं.
About the AuthorMunish KumarSenior sub editor
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 07, 2026, 04:01 IST



