पिता धर्मेंद्र के निधन के बाद भी नहीं रुकने दिया काम, सनी देओल ने लगातार की थी फिल्म की शूटिंग

Last Updated:August 07, 2026, 06:04 IST
एक्ट्रेस संजीदा शेख ने हाल ही में सनी देओल के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि ‘इक्का’ फिल्म की शूटिंग के दौरान सनी देओल से उन्हें एक बेहद कीमती सीख मिली है. संजीदा ने खुलासा किया कि पिता धर्मेंद्र के निधन के बावजूद सनी देओल ने फिल्म का काम रुकने नहीं दिया और दुख के इस कठिन दौर में भी लगातार शूटिंग करते रहे. सनी देओल के इस अनुशासन और काम के प्रति समर्पण ने संजीदा पर एक गहरी छाप छोड़ी है.
ख़बरें फटाफट
संजीदा शेख ने सनी देओल के साथ काम करने का बताया अनुभव.
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार सनी देओल की फिल्म ‘इक्का’ हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई. सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजीदा शेख भी अहम रोल में नजर आईं. ओटीटी पर प्रीमियर के बाद से ही इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार और सराहना मिली. इस बीच संजीदा शेख ने सनी देओल के साथ काम करने के अपने अनुभव को शेयर किया. संजीदा शेख ने यह भी खुलासा किया कि पिता धर्मेंद्र के निधन के बाद भी सनी देओल ने फिल्म का काम नहीं रोका, बल्कि दुख की घड़ी में भी वह लगातार शूट कर रहे थे.
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान संजीदा शेख ने फिल्म ‘इक्का’ की शूटिंग के अपने अनुभव शेयर किए. एक्ट्रेस ने बताया कि शूटिंग के दौरान सनी देओल से उन्हें इंडस्ट्री में टिके रहने और एक्टिंग की बारीकियों को लेकर कीमती सीख मिली है, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी. उन्होंने बताया कि सेट पर सनी देओल के काम के प्रति समर्पण और प्रोफेशनल बर्ताव से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला.
पिता धर्मेंद्र के निधन के बाद भी शूटिंग करते रहे सनी देओल
संजीदा ने बताया कि जब सनी देओल के पिता और दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन हुआ था, तब भी उन्होंने शूटिंग का आखिरी शेड्यूल रुकने नहीं दिया. संजीदा ने कहा, ‘मुझे याद है धर्मेंद्र सर के निधन के तुरंत बाद सनी सर सेट पर शूटिंग के लिए पहुंचे थे. उस वक्त मेरे मुंह से निकला- क्या प्रोफेशनलिज्म है यार. इंडस्ट्री में जिस मुकाम पर वो हैं, वहां वो चाहते तो आसानी से कह सकते थे कि एक हफ्ते या फिर 10 दिन के लिए काम रोक दो, आज मेरा मन नहीं है. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वह वक्त पर सेट पर आते, अपना काम पूरा करते और चले जाते. उनसे अनुशासन की बहुत बड़ी सीख मिली.’
संजीदा शेख को काम करते वक्त मिली बड़ी सीख
संजीदा ने आगे कहा कि हाल ही में ‘धमाल 4’ और ‘इक्का’ जैसी फिल्मों में सनी देओल, अजय देवगन और अक्षय खन्ना जैसे मंझे हुए सितारों के साथ काम करके उन्हें काफी अनुभव मिला. इन सभी का काम के प्रति जुनून और सादगी प्रेरणा देने वाली है. उन्होंने कहा, ‘ये सभी बहुत बड़े और सफल एक्टर हैं, लेकिन सेट पर कभी कोई एटीट्यूड या बोझ लेकर नहीं आते. इन्हें बस काम करते हुए देखकर ही इंसान सीख जाता है कि आप जितने हंबल रहोगे, इंडस्ट्री में आपकी पारी उतनी ही लंबी होगी.’
पिछले साल हुआ था दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन
बताते चलें कि बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को उनके 90वें जन्मदिन से ठीक पहले निधन हो गया था. उन्हें उम्र के ढलते पड़ाव में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा. जीवन के अंतिम दिनों में दिल की बीमारी के चलते उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चला, जिसके बाद आखिरकार उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 07, 2026, 06:04 IST



