Jodhpur News: सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदी से मारपीट, पानी पीने को लेकर हुआ विवाद, तीन बंदियों पर केस दर्ज

Last Updated:August 07, 2026, 16:07 IST
जोधपुर सेंट्रल जेल में पानी की मटकी से पानी पीने को लेकर हुए विवाद में एक विचाराधीन बंदी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. बंदी की शिकायत पर रातानाड़ा थाना पुलिस ने तीन नामजद बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जोधपुर. सेंट्रल जेल में एक विचाराधीन बंदी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद बंदी की ओर से भेजी गई शिकायत के आधार पर रातानाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार केंद्रीय कारागृह, जोधपुर से डाक के माध्यम से एक रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें विचाराधीन बंदी रावलराम ने अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार यह पूरा विवाद जेल परिसर में बैरक के बाहर रखी पानी की मटकी से पानी पीने को लेकर शुरू हुआ. शिकायत में रावलराम ने बताया कि उसकी बैरक के बाहर रखी मटकी से तीन अन्य बंदी पानी पी रहे थे. इस पर उसने उनसे कहा कि उनकी बैरक के बाहर पहले से ही वाटर कूलर लगा हुआ है, ऐसे में उसकी बैरक के बाहर रखी मटकी से बार-बार पानी पीने और उसे भरने की जिम्मेदारी क्यों बढ़ाई जा रही है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई.
शिकायत के अनुसार कहासुनी के बाद तीनों नामजद बंदी गुस्से में आ गए और उन्होंने मिलकर रावलराम के साथ मारपीट की. बंदी का आरोप है कि तीनों ने एकजुट होकर उस पर हमला किया, जिससे उसे चोटें आई. घटना के बाद उसने जेल प्रशासन के माध्यम से अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाई, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
रातानाड़ा थाना पुलिस ने शुरू किया अनुसंधान
रातानाड़ा थाना पुलिस ने बताया कि केंद्रीय कारागृह से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है. जांच के दौरान जेल प्रशासन से भी आवश्यक जानकारी और दस्तावेज लिए जाएंगे, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका क्या रही. सेंट्रल जेल जैसी उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंदियों के बीच मारपीट की घटना सामने आने के बाद जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
August 07, 2026, 16:07 IST



