Heart Health Tips: अगर आपको भी रखना है दिल को फिट और जवान, तो जरूर करें ये काम

जौनपुर: भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव, खान-पान में लापरवाही और शारीरिक गतिविधियों की कमी का असर आजकल लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है. दिल को स्वस्थ रखने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं, लेकिन नियमित योग और प्राणायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है. अगर आप भी अपने दिल को लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय रखना चाहते हैं तो घर पर ही कुछ आसान योगाभ्यास किए जा सकते हैं.
योग गुरु रजनी साहू ने बताया कि योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि नियमित अभ्यास तनाव कम करने, शरीर को सक्रिय रखने और बेहतर जीवनशैली अपनाने में मदद कर सकता है. खासकर ऐसे लोग जो व्यस्तता के कारण पार्क या जिम नहीं जा पाते, वे घर पर कुछ समय निकालकर योग और प्राणायाम कर सकते हैं.
सुबह के समय करें योगाभ्यास
रजनी साहू ने बताया कि सुबह का समय योगाभ्यास के लिए बेहतर माना जाता है. शुरुआत कुछ मिनट गहरी सांस लेने और शरीर को सामान्य रूप से तैयार करने से की जा सकती है. इसके बाद अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास किया जा सकता है. इससे सांस लेने की प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित होता है और मन को शांत रखने में मदद मिलती है. तनाव कम करने के लिए यह अभ्यास उपयोगी हो सकता है.
भुजंगासन और ताड़ासन को करें शामिल
उन्होंने बताया कि भुजंगासन जैसे योगासन भी शरीर को सक्रिय रखने में सहायक हो सकते हैं. इसके अलावा ताड़ासन और हल्के स्ट्रेचिंग वाले आसनों को भी अपनी क्षमता के अनुसार योग दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है. योग करते समय शरीर पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए.
योग के साथ खान-पान का रखें ध्यान
योग गुरु के बताया केवल योग करना ही पर्याप्त नहीं है. दिल को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि और तनाव को नियंत्रित करना भी जरूरी है. बहुत अधिक तला-भुना और अत्यधिक नमक वाला भोजन कम करना चाहिए. रोजाना कुछ समय पैदल चलना भी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है.
क्षमता के अनुसार ही करें योग
उन्होंने कहा कि योग का अभ्यास हमेशा अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार करना चाहिए. किसी भी आसन या प्राणायाम को जल्दबाजी में करने के बजाय सही तरीके और सहज गति से करना बेहतर है. यदि किसी व्यक्ति को हृदय संबंधी बीमारी, सांस की समस्या या कोई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या है तो योग शुरू करने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
रोजाना कुछ मिनट निकालना जरूरी
योग गुरु रजनी साहू ने लोगों से अपील की कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए उम्र बढ़ने का इंतजार न करें. रोजाना कुछ मिनट योग, प्राणायाम और नियमित शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या में शामिल करके स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाया जा सकता है.



