Jhalawar Accident News: युवक को बचाने के चक्कर में पलटा ट्रेलर, चालक समेत दो की दर्दनाक मौत

Last Updated:August 09, 2026, 14:05 IST
झालरापाटन थाना क्षेत्र की भंवरासा पुलिया के पास देर रात सड़क पर खड़े युवक को बचाने के प्रयास में एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पलट गया. हादसे में ट्रेलर चालक श्योजीराम और ट्रेलर की चपेट में आए अज्ञात युवक की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच और मृतक युवक की पहचान में जुटी है.
झालावाड़. जिले के झालरापाटन थाना क्षेत्र में भंवरासा पुलिया के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क पर खड़े एक युवक को बचाने के प्रयास में एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पलट गया. हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए झालावाड़ के जिला एसआरजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, टोंक जिले के बिजवाड़ गांव निवासी ट्रेलर चालक श्योजीराम गत 5 अगस्त को जोधपुर के माणकपुर से माल लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुए थे. इसी दौरान देर रात झालरापाटन क्षेत्र में भंवरासा पुलिया के समीप सड़क पर एक युवक खड़ा दिखाई दिया, उसे बचाने के प्रयास में ट्रेलर चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और पुलिया से नीचे जा गिरा. बताया जा रहा है कि ट्रेलर के पुलिया से नीचे गिरने से पहले ही सड़क पर खड़ा युवक उसकी चपेट में आ गया. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रेलर चालक श्योजीराम की भी हादसे में जान चली गई.
मृतक युवक की पहचान नहीं
घटना के बाद झालरापाटन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान के प्रयास किए गए. ट्रेलर चालक की पहचान टोंक जिले के बिजवाड़ गांव निवासी श्योजीराम के रूप में हो गई है, जबकि ट्रेलर की चपेट में आए दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद ट्रेलर चालक श्योजीराम के परिजन झालावाड़ के जिला एसआरजी अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने बताया कि श्योजीराम माल लेकर रायपुर जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया. हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया. फिलहाल झालरापाटन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, पुलिस हादसे के कारणों और मृतक अज्ञात युवक की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jhalawar,Rajasthan
First Published :
August 09, 2026, 14:05 IST



