‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए पंजाब पहुंचे सनी देओल, बेटे करण संग पार्टिशन म्यूजियम में हुए भावुक

Last Updated:August 10, 2026, 10:57 IST
सनी देओल अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के सिलसिले में बेटे करण देओल के साथ अमृतसर के पार्टिशन म्यूजियम पहुंचे. 1947 के विभाजन पर बनी इस फिल्म के प्रमोशन के लिए सनी देओल पंजाब के कई शहरों में एक खास रोड ट्रिप भी करने वाले हैं. राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
नई दिल्ली: बॉलीवुड के ‘तारा सिंह’ यानी सनी देओल इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में पूरे दिल से जुटे हुए हैं. 1947 के विभाजन के उस दर्दनाक दौर पर बनी इस फिल्म का दिल पंजाब से जुड़ा है, क्योंकि देश के बंटवारे का सबसे बड़ा जख्म पंजाब ने ही सहा था.
इसी रिश्ते को सम्मान देने के लिए सनी देओल अपने बेटे करण के साथ अमृतसर पहुंचे और वहां मौजूद पार्टिशन म्यूजियम जाकर पुरानी यादों को करीब से महसूस किया.
पार्टिशन म्यूजियम में दिखे भावुक पल
अमृतसर के पार्टिशन म्यूजियम पहुंचे सनी देओल और उनके बेटे करण देओल के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा. सनी ने अपने इंस्टाग्राम पर इस दौरे की झलकियां शेयर कीं, जिनमें वे विभाजन के समय की पुरानी तस्वीरों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को गहराई से देखते नजर आए. म्यूजियम में दर्ज कहानियां उस समय के लोगों के संघर्ष और दर्द को साफ बयां कर रही थीं, जिसने सनी और करण दोनों को काफी प्रभावित किया.
पंजाब की सड़कों पर सनी देओल की खास रोड ट्रिप
फिल्म के प्रमोशन को और यादगार बनाने के लिए सनी देओल पंजाब में एक खास रोड ट्रिप करने जा रहे हैं. ड्राइविंग का शौक रखने वाले सनी के लिए यह यात्रा एक पर्सनल और इमोशनल सफर जैसी होने वाली है. उनकी यह रोड ट्रिप चंडीगढ़ से शुरू होकर मोहाली और जालंधर से होते हुए अमृतसर में खत्म होगी. मेकर्स का मकसद एक ही दिन में पंजाब के इन प्रमुख शहरों का दौरा करके वहां के लोगों से सीधा जुड़ाव बनाना है.
1947 के बंटवारे की दर्दभरी कहानी
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ एक ऐसे परिवार की कहानी पेश करती है, जिसकी जिंदगी देश के विभाजन, भयंकर हिंसा और मजबूरी में हुए पलायन के बाद पूरी तरह बदल गई. फिल्म उन लाखों लोगों के दर्द, अपने घर को छोड़ने की टीस और उस खौफनाक दौर में भी बची हुई इंसानियत की उम्मीद को दिखाती है. फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.
‘लगान’ के बाद फिर साथ आई दिग्गज तिकड़ी
इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी इसकी बैकस्टेज टीम है. ‘लगान’ जैसी ऐतिहासिक फिल्म देने वाले आमिर खान, संगीतकार ए. आर. रहमान और गीतकार जावेद अख्तर की जोड़ी एक बार फिर इस प्रोजेक्ट के लिए साथ आई है. आमिर खान और अपर्णा पुरोहित के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
About the Authorगार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय App टीम का हिस्सा हूं. App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दैनिक …
August 10, 2026, 10:57 IST



