Health

10 हजार कदम वॉक या 30 मिनट का वर्क आउट, कौन है ज्यादा फायदेमंद

Last Updated:August 18, 2026, 15:55 IST

10000 Steps or 30 Minutes work out : अक्सर इस बात पर बहस होती रहती है कि वॉक करना ज्यादा बेहतर है या एक्सरसाइज करना. पिछले कुछ वर्षों से 10 हजार कदम चलने का चलन भी जोरो पर है. दुनिया भर में इसे लेकर कई तरह की रिसर्च भी हो रही हैं. निश्चित रूप से इसके फायदे हैं पर रोजाना एक्सरसाइज करने के भी कम फायदे नहीं है. ऐसे में सवाल यही है कि 10 हजार कदम सेहत के लिए ज्यादा बेहतर है या 30 मिनट का वर्क आउट. आइए इसके बारे में जानते हैं.

10,000 कदम चलना और 30 मिनट की एक्सरसाइज. कौन सा बेहतर है. यह सवाल पेचीदा है. दोनों के अपने-अपने फायदे हैं दोनों के अपने-अपने कुछ नुकसान भी. 10 हजार कदम चलने या 30 मिनट के वर्क आउट में किसमें ज्यादा फायदा है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपका शरीर कैसा है. आपके शरीर को क्या जंच रहा है. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप इन्हें कैसे करते हैं. मतलब 10 हजार कदम अगर आप 5 घंटे के अंदर चलेंगे तो इसका कोई फायदा नहीं होगा. वहीं 30 मिनट की एक्सरसाइज आप बहुत धीमे-धीमे कर रहे हैं तो इसका भी कोई फायदा नहीं होगा. इसलिए पहले तो यह जान लें कि 10,000 कदम कोई जादुई संख्या नहीं है. 10,000 कदम चलने का लक्ष्य फिटनेस के एक मानक के तौर पर काफी लोकप्रिय हो रहा है लेकिन यह किसी भी रिसर्च में नहीं प्रमाणित किया गया है कि 10 हजार कदम ही सर्वमान्य संख्या है जिससे सेहत दुरुस्त रहती है. इसलिए यह आधिकारिक शारीरिक गतिविधि संबंधी गाइडलाइन नहीं है. हमेशा फिट रहने के लिए यह जरूरी है कि आपके शरीर को किस तरह की एक्सरसाइज की जरूरत है. दोनों से आप फायदा उठा सकते हैं और दोनों से आप फायदा नहीं भी उठा सकते हैं.

10 हजार कदम चलने के फायदे- पहले बात करते हैं कि 10 हजार कदम चलने के क्या फायदे हैं. रोजाना 10 हजार कदम चलना शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है. यह कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ को सुधारकर दिल को मजबूत बनाता है. इससे दिल के दौरे और स्ट्रोक का खतरा कम होता है. नियमित चलने से कैलोरी बर्न होती है जो वजन घटाने और मोटापे को नियंत्रित करने में मदद करती है. यह शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाकर टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को घटाता है. पैदल चलने से हड्डियां और मांसपेशियां मजबूत बनती हैं तथा जोड़ों की लचक बनी रहती है. इसके अलावा यह एंडोर्फिन हार्मोन को बढ़ाकर तनाव, चिंता और अवसाद को कम करता है तथा बेहतर नींद में मदद करता है.

30 मिनट की एक्सरसाइज से क्या मिलता है-अब जानते हैं कि 30 मिनट की एक्सरसाइज से क्या मिल सकती है. इससे कम समय की कसरत में ज्यादा इंटेंसिटी हासिल हो सकती है. 30 मिनट की एक्सरसाइज से आपके शरीर में मध्यम से तेज तीव्रता वाली पर्याप्त शारीरिक गतिविधि हो सकती है. हालांकि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कौन-सी एक्सरसाइज कर रहे हैं. तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना, तैराकी या स्ट्रेंथ और कार्डियो का कॉम्बिनेशन आपकी हार्ट रेट को बढ़ा सकता है. यह पूरे दिन सामान्य तरीके से थोड़ा-थोड़ा चलकर 10,000 कदम पूरे करने की तुलना में अधिक प्रभावी हो सकता है.

Add as Preferred Source on Google

तो फिर कौन-सा बेहतर है-अब सवाल है कि इनमें से कौन सा बेहतर है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कैसे चलते-फिरते हैं. पूरे दिन में 10,000 कदम चलने में घर में घूमना-फिरना, काम पर आना-जाना और खरीदारी करना जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं. वहीं 30 मिनट की नियमित एक्सरसाइज में आप जानबूझकर मध्यम या तेज तीव्रता के साथ लगातार सक्रिय रह सकते हैं. दोनों तरीकों की तुलना करने वाली रिसर्च बताती है कि दोनों ही शारीरिक गतिविधि बढ़ाने में मदद कर सकते हैं लेकिन दोनों अलग-अलग चीजों को मापते हैं.अगर आप 10 हजार कदम में रनिंग भी करते हैं यह बहुत बेहतर है. वहीं यदि आप 30 मिनट की कठिन एक्सरसाइज करते हैं तो यह भी बहुत बेहतर है. आपके शरीर को क्या जरूरत है, इस हिसाब से यदि आप एक्सरसाइज या वॉक की रुटीन तय करेंगे तो ज्यादा बेहतर होगा.

लेकिन सिर्फ संख्या के पीछे न भागें. एक्सरसाइज की तीव्रता भी मायने रखती है. 10,000 कदम पूरे करने का मतलब यह नहीं है कि आपने 30 मिनट की एक्सरसाइज के बराबर कसरत कर ली है. कोई व्यक्ति दिनभर में 10,000 कदम पूरे कर सकता है, जबकि दूसरा व्यक्ति 30 मिनट में वास्तव में मध्यम या तेज तीव्रता वाली एक्सरसाइज कर सकता है.इसलिए बेहतर लक्ष्य यह है कि नियमित रूप से चलते-फिरते रहें और इसके साथ उद्देश्यपूर्ण एक्सरसाइज भी करें. 10,000 कदमों को कोई जादुई सीमा मानकर चलना जरूरी नहीं है.

अगर आपके पास 30 मिनट की एक्सरसाइज करने का समय है, तो जरूर करें. अगर दिन व्यस्त है तो ज्यादा कदम चलना भी फायदेमंद है. बेहतर होगा कि आप दोनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें. पूरे दिन सक्रिय रहें और नियमित रूप से मध्यम या तेज तीव्रता वाली एक्सरसाइज के लिए भी समय निकालें. असल विजेता 10,000 कदम या 30 मिनट की एक्सरसाइज में से कोई एक नहीं है, बल्कि वह शारीरिक गतिविधि है जिसे आप लगातार और लंबे समय तक अपनी दिनचर्या में बनाए रख सकते हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :

August 18, 2026, 15:55 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj